जहानाबाद सदर अस्पताल में कथित घूसखोरी पर सख्त कार्रवाई, दो लैब टेक्नीशियनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

जहानाबाद सदर अस्पताल में घूस लेते लैब टेक्नीशियनों का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
Jehanabad News: अमर शहीद जगदेव प्रसाद सदर अस्पताल में कथित घूसखोरी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. अस्पताल में आउटसोर्सिंग कंपनी के दो लैब टेक्नीशियनों द्वारा अवैध रूप से पैसे लेने का वीडियो सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार चैनलों पर वायरल होने के बाद जिला पदाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया. डीएम के निर्देश पर असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने सदर अस्पताल के कार्यकारी अधीक्षक को दोनों आरोपित लैब टेक्नीशियनों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया. इसके आलोक में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
अंकित कुमार और विकास कुमार के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
आरोपितों की पहचान अंकित कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पीओसीटी कंपनी के माध्यम से सदर अस्पताल में कार्यरत हैं. मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वायरल वीडियो के आधार पर दोनों कर्मियों के विरुद्ध अविलंब कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
कार्रवाई में देरी होने पर कार्यकारी अधीक्षक होंगे जिम्मेदार
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने कार्यकारी अधीक्षक को चेतावनी देते हुए कहा है कि कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी. इसे जिला पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना मानते हुए उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
दो लैब टेक्नीशियनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अस्पतालों में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










