जहानाबाद: मुरलीधर प्लस टू विद्यालय के गेट के दोनों ओर कीचड़ व गंदा पानी, छात्रों की बढ़ी परेशानी
विद्यालय के समीप एनएच जमा कीचड़ और गंदा पानी.
जहानाबाद के मुरलीधर प्लस टू विद्यालय के गेट के पास एक महीने से कीचड़ और गंदा पानी जमा है. इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोग व दुकानदार नगर परिषद से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.
Jehanabad News : जहानाबाद शहर के राजा बाजार स्थित मुरलीधर प्लस टू विद्यालय के गेट के दोनों ओर लंबे समय से जमा कीचड़ और गंदे पानी के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जहानाबाद-अरवल एनएच-33 के किनारे करीब एक माह से अधिक समय से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे जमा पानी में गंदगी मिल जाने से वहां कीचड़ हो गया है.
गेट के दोनों ओर जमा है गंदा पानी
मुरलीधर प्लस टू विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं. विद्यालय के मुख्य गेट के पश्चिमी तरफ करीब 200 गज और पूर्वी तरफ करीब 50 गज तक कीचड़ और गंदा पानी जमा है. इससे विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को काफी परेशानी होती है.
गेट के सामने बनी ढलाई सड़क से ऊंची होने के कारण विद्यार्थी किसी तरह वहां से होकर विद्यालय में प्रवेश कर पा रहे हैं. यदि यह ढलाई ऊंची नहीं होती, तो विद्यार्थियों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ता.
सड़क से ऊंची बनी है नाली
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुरलीधर प्लस टू विद्यालय एनएच-33 के दक्षिणी किनारे स्थित है. सड़क का ढलान भी दक्षिण दिशा की ओर है. बारिश होने पर पानी सड़क के दक्षिणी किनारे पर जमा हो जाता है. जलनिकासी के लिए एनएच के किनारे नाली बनाई गई है, लेकिन नाली सड़क के स्तर से ऊंची होने के कारण बारिश का पानी उसमें नहीं जा पाता.
पानी जमा रहने के बाद लगातार धूप निकलने पर ही धीरे-धीरे सूख पाता है. पिछले एक महीने से रुक-रुक कर बारिश होने के कारण पानी सूखने का पर्याप्त मौका नहीं मिल रहा है. लगातार जलजमाव के कारण आसपास की गंदगी के साथ मिलकर वहां कीचड़ जमा हो गया है.
ट्रांसफार्मर के आसपास भी जलजमाव
विद्यालय के गेट के पूर्वी तरफ जिस स्थान पर गंदा पानी और कीचड़ जमा है, वहीं बिजली का ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है. ट्रांसफार्मर के बेस और पोल के आसपास लंबे समय से पानी व कीचड़ जमा रहने से स्थानीय लोगों में बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास जलजमाव रहने से किसी तरह की विद्युत दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है. विद्यालय के विद्यार्थियों और राहगीरों की आवाजाही को देखते हुए इस स्थान से जल्द जलजमाव हटाने की जरूरत है.
दुकानदारों की दुकानदारी भी प्रभावित
राजा बाजार में जलजमाव वाले स्थान के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें हैं. दुकानों के सामने गंदा पानी और कीचड़ जमा रहने से दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है. दुकानदारों के अनुसार, गंदगी और जलजमाव के कारण ग्राहक उनकी दुकानों तक आने से कतराते हैं, जिससे दुकानदारी प्रभावित हो रही है.
नगर परिषद से गुहार के बावजूद समाधान नहीं
स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए वार्ड पार्षद और नगर परिषद से कई बार गुहार लगाई गई है. इसके बावजूद अब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों ने विद्यालय के विद्यार्थियों और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए जल्द जलजमाव दूर कराने तथा नाली को सड़क के स्तर के अनुरूप कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए