अभियान बसेरा: जहानाबाद के भूमिहीन परिवारों को नहीं लगाना होगा पटना का चक्कर, यहीं जमा होंगे दस्तावेज
बैठक करते सीओ
अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को अब आवेदन के लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय नहीं जाना होगा. वे अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही आवेदन जमा कर सकते हैं. घोसी सीओ ने विकास मित्रों के साथ बैठक कर जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया.
Abhiyan Basera 0.2 : जहानाबाद के घोसी में अभियान बसेरा के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है. योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवारों को आवेदन जमा करने के लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं है. वे अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं.
लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने और जागरूक करने के लिए सोमवार को घोसी अंचल कार्यालय में अंचल अधिकारी अजीत कुमार ने सभी विकास मित्रों के साथ बैठक की.
गांव-गांव जाकर लोगों को जानकारी देने का निर्देश
बैठक में सीओ अजीत कुमार ने विकास मित्रों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान बसेरा के बारे में लोगों को जानकारी देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र भूमिहीन परिवारों को आवेदन प्रक्रिया की सही जानकारी दी जाए, ताकि गलत जानकारी के कारण उन्हें पटना स्थित राज्य मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.
सीओ ने विकास मित्रों से अपने क्षेत्र में ऐसे पात्र परिवारों की जानकारी जुटाने को कहा. साथ ही उन्हें अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया.
अंचल कार्यालय में ही जमा कर सकते हैं आवेदन
सीओ अजीत कुमार ने बताया कि अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध है. पात्र परिवार आवश्यक कागजात के साथ अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी व्यक्ति के बहकावे या गलत जानकारी के आधार पर राज्य मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं है. आवेदन से संबंधित प्रक्रिया के लिए स्थानीय अंचल कार्यालय में ही संपर्क किया जा सकता है.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग भी कर रहा जागरूक
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार की ओर से भी अभियान बसेरा को लेकर विज्ञापन जारी कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. विभाग का उद्देश्य पात्र परिवारों तक योजना से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाना और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाना है.
बैठक में विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को अभियान बसेरा के बारे में जागरूक करें. साथ ही आवेदन से जुड़ी किसी तरह की समस्या होने पर पात्र परिवारों को अंचल कार्यालय तक पहुंचाने में सहयोग करें.
पिंक बस सेवा का शुभारंभ, जहानाबाद से पटना जानेवाली महिलाओं व युवतियों को होगी सुविधा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए