जहानाबाद में भक्ति की बही बयार, भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Author Ashok Jehanabad|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
  श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल भक्तगण   | Prabhat Khabar Network

श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल भक्तगण | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में इस्कॉन द्वारा भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। बंगाल के फूलों से सजा रथ और संकीर्तन मंडली आकर्षण का केंद्र रही। देखें पूरी खबर।

विज्ञापन

Jehanabad Jagannath Rath Yatra : अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन), जहानाबाद के तत्वावधान में सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. गांधी मैदान के समीप से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महिला थाना रोड स्थित आईटीआई कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई. पूरे शहर में भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिव्य यात्रा में शामिल हुए.

Jehanabad News : फूलों से सजा रथ बना आकर्षण का केंद्र

भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को पश्चिम बंगाल से मंगाए गए ताजे और सुगंधित फूलों से पारंपरिक शैली में सजाया गया था. रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित भव्य रथ ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया. मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया.

हरिनाम संकीर्तन से गूंजा पूरा शहर

रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण ओडिशा से आई विशेष हरिनाम संकीर्तन मंडली रही. मृदंग, करताल और मधुर भक्ति-कीर्तन के साथ मंडली ने पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया. "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे... हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे" महामंत्र के सामूहिक संकीर्तन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए.

रथ खींचने के लिए उमड़े श्रद्धालु

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचने का अवसर मिला. सनातन परंपरा में इसे अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है. श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ रथ खींचकर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की.

महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

इस्कॉन की ओर से रथ यात्रा मार्ग में हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया. गांधी मैदान से शुरू हुई यात्रा हॉस्पिटल मोड़, काको मोड़, ऊंटा मोड़, मलहचक मोड़ और सट्टी मोड़ होते हुए आईटीआई कॉलेज पहुंची, जहां संध्या आरती, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश

इस्कॉन, जहानाबाद के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाला आध्यात्मिक महोत्सव है. इसका उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सद्भाव और भगवान के पवित्र नाम का प्रचार-प्रसार करना है.


विज्ञापन
Ashok Jehanabad

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन