जहानाबाद : मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज, साईं सेंट्रल पब्लिक स्कूल में पुलिस दीदी ने बच्चों को किया जागरूक

जागरूकता अभियान चलाते पुलिस अधिकारी
जहानाबाद में पुलिस ने मानव व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। छात्रों और अभिभावकों को तस्करी के खतरों और बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में पुलिस दीदी एवं नया सवेरा 3.0 अभियान के तहत साईं सेंट्रल पब्लिक स्कूल, सुल्तानी (पंडुई) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया.
बच्चों को बताए मानव तस्करी से बचाव के तरीके
पुलिस दीदी टीम ने बच्चों को सरल भाषा में मानव तस्करी के खतरों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि मानव तस्कर अक्सर नौकरी का झांसा, विदेश भेजने का लालच, शादी का प्रलोभन और सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं.
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी बच्चे के अचानक लापता होने, किसी अज्ञात व्यक्ति के बच्चों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 को सूचना दें. उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखने की अपील की.
'सतर्क रहें, सुरक्षित रहें' का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें" का संकल्प दिलाया गया. पुलिस ने कहा कि समाज की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना ही मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है.
पुलिस की पहल की सराहना
स्कूल के प्राचार्य ने इस जागरूकता कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को सामाजिक और कानूनी विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस अवसर पर थाना प्रभारी, पुलिस दीदी की टीम, स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










