वाणावर को मिलेगा ‘जीरो लिटर’ का संदेश, 30 अगस्त को हाइकिंग के साथ चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में 30 अगस्त को हाइक अप बराबर हिल्स-जीरो लिटर अभियान का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य वाणावर क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। अधिक जानकारी के लिए पढ़ें।
Jehanabad News : जहानाबाद के वाणावर श्रावणी मेला के समापन के बाद 30 अगस्त को वाणावर क्षेत्र को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान ‘हाइक अप बराबर हिल्स–जीरो लिटर बराबर’ का आयोजन किया जाएगा. अभियान की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसका उद्देश्य वाणावर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाए रखने के साथ लोगों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
आपके शहर में
मंदिर से गुफा तक चलेगा सफाई अभियान
डीएम ने मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर, सीढ़ी मार्ग और नौका विहार गुफा के आसपास व्यापक साफ-सफाई कराने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
हथिया बोर से इमलिया मोड़ तक सफाई की जिम्मेदारी बीडीओ मखदुमपुर को दी गयी है. इमलिया मोड़ से मंदिर प्रांगण तक की सफाई कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत मखदुमपुर करायेंगे. वहीं इमलिया मोड़ से सीढ़ी मार्ग होते हुए नौका विहार गुफा और पूरे मेला परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी अंचलाधिकारी मखदुमपुर को दी गयी है.
हाइकिंग के दौरान उठायेंगे रास्ते का कचरा
अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को सुबह 7 बजे समाहरणालय से होगी. जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंजीकृत प्रतिभागी इसमें शामिल होंगे.
हाइकिंग के दौरान रास्ते में मिलने वाले कचरे को प्रतिभागी एकत्र करेंगे और निर्धारित स्थान पर उसका निस्तारण किया जाएगा. इसके माध्यम से ‘जीरो लिटर बराबर’ का संदेश दिया जाएगा.
दुकानदारों को भी दी गयी जिम्मेदारी
प्रशासन ने दुकानदारों को अपने आवंटित स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. अभियान को सफल बनाने के लिए आम लोगों, युवाओं, दुकानदारों और पर्यटकों से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की गयी है.
बस और कैप की होगी व्यवस्था
अभियान में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए आवागमन की सुविधा के लिए बस और कैप की व्यवस्था रहेगी. इच्छुक नागरिक जिला प्रशासन की ओर से जारी क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं.
फिटनेस के साथ पर्यटन और विरासत संरक्षण पर जोर
डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि यह पहल फिटनेस, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास है. इससे वाणावर की प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. साथ ही बराबर की गुफाओं को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल कराने के प्रयासों को लेकर भी जन-जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
अभियान का संचालन और समन्वय जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी और जिला परियोजना पदाधिकारी सह जिला गंगा समिति अमित कुमार की देखरेख में किया जाएगा.
प्रशासन ने लोगों से ‘स्वस्थ शरीर–स्वच्छ बराबर’ और ‘जीरो लिटर बराबर’ के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए