सेना व सीआईएसएफ जवान के घर लाखों की चोरी, 8 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी की चोरी
कड़ौना थाना क्षेत्र के सेवनन गांव में सेना और CISF में तैनात दो भाइयों के पैतृक घर में चोरों ने धावा बोला. लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.
Jehanabad News : जहानाबाद के कडौना थाना क्षेत्र के सेवनन गांव में बेखौफ चोरों ने देश की रक्षा में तैनात दो भाइयों के पैतृक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर बंद मकान का ताला तोड़कर करीब पांच से छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 12 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये कीमत के कपड़े व घरेलू सामान लेकर फरार हो गये. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गयी है.
आपके शहर में
एक भाई सेना में सूबेदार, दूसरा CISF में सब-इंस्पेक्टर
सेवनन गांव निवासी स्वर्गीय नारायणदत्त सिंह के दोनों पुत्र देश सेवा में तैनात हैं. बड़े पुत्र मनोरंजन कुमार विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटे पुत्र प्रियंजन भारतीय सेना में सूबेदार हैं और जम्मू स्थित मिलिट्री अस्पताल में तैनात हैं.
दोनों भाइयों का पैतृक मकान गांव में है. इसी बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया.
पहले भी हुई थी चोरी की कोशिश, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार के सदस्य प्रियव्रत सिंह ने कडौना थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये गये हैं. प्रियव्रत सिंह के अनुसार, इससे पहले 14 जून 2025 को भी इसी मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था. उस समय तत्कालीन थानाध्यक्ष को व्हाट्सएप के माध्यम से इसकी सूचना दी गयी थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी. हालांकि, आरोप है कि मामले में कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई.
‘पुलिस की ढिलाई से बढ़ा चोरों का मनोबल’
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिछली घटना में कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ा और उन्होंने दोबारा उसी घर को निशाना बनाया. परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी पुलिस के प्रति नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि जब देश की सीमा और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात जवानों के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.
आवेदन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल कडौना थाना पुलिस पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी है. पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ चोरी गये सामान और आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए