जहानाबाद नगर परिषद की बैठक में विकास योजनाओं पर बनी सहमति, खराब स्ट्रीट लाइट बदलेगी
सामान्य बोर्ड की बैठक में चर्चा करते पार्षद | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद नगर परिषद की बैठक में शहर के विकास, नई लाइट लगाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के भुगतान पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
Jehanabad News : जहानाबाद नगर परिषद जहानाबाद के सामान्य बोर्ड की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सदस्यों ने लंबित विकास योजनाओं के चयन और उनकी प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करने पर सहमति जतायी, ताकि शहर में विकास कार्यों को गति मिल सके.
आपके शहर में
बैठक में कहा गया कि पिछली बोर्ड बैठकों में लिए गये कई फैसले आपसी खींचतान के कारण जमीन पर नहीं उतर सके हैं. ऐसे में लंबित योजनाओं को जल्द अमलीजामा पहनाने पर विशेष जोर दिया गया.
खराब लाइट की जगह लगेंगी नयी लाइट
शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को बदलने का मुद्दा भी बैठक में उठा. इसके लिए बचे हुए टेंडर को खोलने पर सदस्यों ने सहमति जतायी. इससे शहर के विभिन्न इलाकों में खराब रोशनी की समस्या दूर होने की उम्मीद है.
पीएम आवास योजना में सही लाभुकों को भुगतान पर जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सही लाभुकों के चयन और उन्हें मकान निर्माण के लिए समय पर राशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि भुगतान नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में आवास योजना के मामले लंबित हैं. सदस्यों ने लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने की बात कही.
दैनिक कर्मियों के सेवा विस्तार पर नहीं बनी सहमति
नगर परिषद के दैनिक कर्मियों की सेवा अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी. बैठक में बताया गया कि सामान्य बोर्ड को दैनिक कर्मियों की सेवा अवधि विस्तार का अधिकार नहीं है.
विकास योजनाओं का डेटा होगा ऑनलाइन
बोर्ड ने नगर परिषद की विकास योजनाओं से जुड़े आंकड़ों को ऑनलाइन करने और उन्हें ई-योजना में परिवर्तित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया. इसके लिए गवर्नेंस मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने वाली एजेंसी के चयन पर सदस्यों ने सहमति जतायी.
बैठक में सदस्यों के बीच हुई बहस
बैठक के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर सदस्यों के बीच विवाद भी हुआ. सशक्त कमेटी की बैठक में लिये गये निर्णयों को सही तरीके से दर्ज नहीं करने और मनमानी किये जाने का आरोप लगाया गया. इसको लेकर सशक्त कमेटी के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी हुए.
बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की मुख्य पार्षद रूपा देवी ने की. उप मुख्य पार्षद पिंटू रजक, प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में वार्ड पार्षद मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए