पंडित के वेश में घर पहुंचा ठग गिरोह, फूल से पैसे दोगुने करने का झांसा देकर महिला से 16 हजार व लाखों के जेवर ठगे
जहानाबाद में पंडित के वेश में आए ठगों ने महिला को झांसा देकर लाखों के आभूषण और नकद ठग लिए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
Jehanabad News : जहानाबाद शहर में पंडित के वेश में ठग गिरोह के घूमने का मामला सामने आया है. नगर थाना क्षेत्र के कनौदी स्थित एसपी आवास के समीप गुरुवार को ठगों ने एक महिला को पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 16 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण ठग लिये. घटना के बाद महिला ने आसपास के इलाके और रेलवे स्टेशन के समीप ठगों की तलाश शुरू कर दी. इसी दौरान स्टेशन के पास गिरोह का एक संदिग्ध सदस्य मिल गया, जिसे पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है.
आपके शहर में
पीड़िता मीना देवी ने बताया कि वह घर में थीं. इसी दौरान तीन-चार लोग पंडित के वेश में उनके दरवाजे पर पहुंचे और भिक्षा मांगने लगे. महिला ने उन्हें 11 रुपये भिक्षा में दिए. इसके बाद एक व्यक्ति ने उन्हें फूल देते हुए कहा कि इसे उस स्थान पर रख दें, जहां वह रुपये रखती हैं. इससे रुपये दोगुने हो जाएंगे.
आभूषण उतारने के बाद बातों में उलझाया
महिला के मुताबिक, ठगों ने अपनी बातों में उलझाकर उन्हें दोबारा बुलाया और आभूषण उतारकर रुपये के साथ रखने को कहा. ठगों ने कई तरह की डराने वाली बातें भी कहीं. इससे महिला घबरा गयी और उसने जिउतिया, कान की बाली और सोने का लॉकेट समेत अन्य आभूषण उतारकर उनके बताए अनुसार रख दिए.
नगद और आभूषण लेकर फरार हो गये
इसी दौरान ठगों ने महिला के हाथ में कुछ सामान दिया और उसे साड़ी में बांधकर शाम के समय खोलने को कहा. करीब एक घंटे बाद महिला ने जब साड़ी खोली तो उसमें एक छोटा कूट मिला. इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ. महिला ने बताया कि ठग करीब 16 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए.
स्टेशन के पास मिला गिरोह का संदिग्ध
ठगी का पता चलने के बाद महिला आसपास के इलाकों और रेलवे स्टेशन के पास ठगों की तलाश करने लगी. इसी क्रम में स्टेशन के समीप उसे गिरोह का एक संदिग्ध व्यक्ति मिला. महिला ने उससे पूछताछ की तो उसने गिरोह में शामिल कई लोगों के बारे में जानकारी दी. इसके बाद महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है. पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि शहर में इस तरह की ठगी की अन्य घटनाओं में भी इसी गिरोह की संलिप्तता है या नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए