स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान में हुआ पूर्वाभ्यास, डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
पूर्वभ्यास परेड का निरिक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
अरवल के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का डीएम और एसपी ने संयुक्त निरीक्षण किया। परेड और सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा।
Independence Day : अरवल स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर ऐतिहासिक गांधी मैदान में बुधवार को आयोजन पूर्वाभ्यास किया गया. इस दौरान जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस और पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी ने पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ध्वजारोहण और परेड का कराया गया अभ्यास
पूर्वाभ्यास के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाले राष्ट्रीय ध्वजारोहण, परेड, मार्च पास्ट सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया. अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान अपनाए जाने वाले प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की. डीएम और एसपी ने विभिन्न तैयारियों का जायजा लेते हुए कमियों को दूर करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
गांधी मैदान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पूर्वाभ्यास के बाद डीएम और एसपी ने गांधी मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान राष्ट्रीय ध्वजारोहण स्थल, मंच, परेड स्थल, दर्शक दीर्घा, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण, पेयजल, बिजली, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन समेत अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई.
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं. उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा अतिथियों और आम लोगों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
डीएम ने आपसी समन्वय से काम करने का दिया निर्देश
डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और देशभक्ति का पर्व है. समारोह में जिले के नागरिकों की व्यापक सहभागिता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित होनी चाहिए. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए समारोह को गरिमापूर्ण और सफल बनाने का निर्देश दिया.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी ने समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा.
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और प्रोटोकॉल का पालन
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो. साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा.
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पूर्वाभ्यास और निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान, छात्र-छात्राओं सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










