अरवल की खुशबू कुमारी ने रचा इतिहास, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय में टॉप कर हासिल किया स्वर्ण पदक

मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अरवल की खुशबू कुमारी को मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया. जानिए पूरी खबर....
Arwal News: बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के तृतीय दीक्षांत समारोह में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल की मेधावी छात्रा खुशबू कुमारी को विद्युत अभियंत्रण विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वर्ण पदक, लैपटॉप एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. यह सम्मान उन्हें सत्र 2021-2025 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया.
खुशबू कुमारी अरवल जिले के इटवां वाजीरपुर गांव की निवासी हैं. उनके पिता शंकर सिंह एवं माता शकुंतला देवी हैं. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव, महाविद्यालय तथा पूरे जिले में खुशी का माहौल है. लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया. साथ ही विद्यार्थियों द्वारा तैयार नवाचार आधारित मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की और युवाओं से नवाचार एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया.
महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल के प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि खुशबू कुमारी की सफलता संस्थान के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं.
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो. संतोष कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि खुशबू की सफलता से अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रेरित होकर शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ेंगे.
जिले के युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
खुशबू कुमारी की इस उपलब्धि ने न केवल राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है. उनकी सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










