अरवल में 2180 नए राशन कार्ड बनेंगे, 13 अगस्त तक आवेदन का मौका, जानिए कौन-कौन से दस्तावेज लगेंगे?

समहारणालय, अरवल
Arwal ration card: अरवल जिले में 13 अगस्त तक 2180 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे. यह विशेष अभियान गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र परिवारों के लिए है. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
Arwal ration card: जिले में नए राशन कार्ड बनाने के लिए राज्य सरकार ने 14 जुलाई से 13 अगस्त तक विशेष अभियान शुरू किया है. गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले और खाद्यान्न योजना से वंचित पात्र परिवार इस अवधि में आवेदन कर सकते हैं. अरवल जिले में कुल 2180 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोविंदा मिश्रा ने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है और जो राशन के पात्र होने के बावजूद लाभ नहीं ले पा रहे हैं, वे बिहार आरसीएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब परिवार खाद्यान्न सुरक्षा से वंचित न रहे.
10 से 15 हजार नए लाभुक जुड़ेंगे
जिला आपूर्ति कार्यालय को राज्य मुख्यालय से लक्ष्य मिलने के बाद सभी प्रखंडों और अनुमंडलों को लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है. 13 अगस्त तक नए राशन कार्ड बनाकर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार नए राशन कार्ड जारी होने के बाद करीब 10 से 15 हजार नए लाभुक सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़ेंगे और उन्हें सरकार की खाद्यान्न योजना का लाभ मिलेगा.
जिले में वर्तमान स्थिति
वर्तमान में अरवल जिले में 89,777 राशन कार्डधारी हैं, जिनसे 3,70,337 लाभुक जुड़े हुए हैं. वहीं अंत्योदय योजना के तहत 15,401 राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिनसे 71,021 सदस्य लाभान्वित हो रहे हैं.
मई से लगी रोक हटने के बाद बढ़ी उम्मीदें
गौरतलब है कि 15 मई से जिले में नए राशन कार्ड बनाने पर रोक लगी हुई थी. इसके कारण कई गरीब और जरूरतमंद परिवार आवेदन देने के बावजूद राशन कार्ड नहीं बनवा पा रहे थे और सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ लेने से वंचित थे. अब रोक हटने के बाद पात्र परिवारों में उम्मीद जगी है. जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पात्र लाभुकों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी योग्य परिवार का नाम न छूटे.
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- आधार कार्ड (मुखिया एवं सभी सदस्यों का)
- परिवार का संयुक्त फोटो या पासपोर्ट साइज फोटो
- निवास प्रमाण पत्र
- मतदाता पहचान पत्र
- मोबाइल नंबर
- आय प्रमाण पत्र
- बैंक पासबुक की प्रति
- परिवार के सदस्यों का विवरण
- दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- जाति प्रमाण पत्र
प्रखंडवार नए राशन कार्ड का लक्ष्य
जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार:
- अरवल प्रखंड – 445
- कलेर – 465
- करपी – 620
- कुर्था – 390
- बंशी – 260
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोविंदा मिश्रा ने कहा कि जरूरतमंद परिवार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर राशन कार्ड बनवा सकते हैं. जिले में 13 अगस्त तक नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










