पुनासी डैम से लौट रहे जमुई के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, तीन माह पहले हुई थी एक की शादी

Updated:
विज्ञापन
सड़क हादसे की सांकेतिक तस्वीर.

सड़क हादसे की सांकेतिक तस्वीर.

Jamui Road Accident : चकाई-देवघर मार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत. पुनासी डैम से लौटते समय बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई, एक की तीन माह पहले हुई थी शादी.

विज्ञापन

Jamui Road Accident : जमुई जिले के चकाई-देवघर मुख्य मार्ग (एनएच-333) पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. पुनासी डैम से लौट रहे चार दोस्तों की दो बाइकों में से एक आगे चल रहे वाहन से टकरा गई. हादसा इतना भयावह था कि बाइक के दो टुकड़े हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

फुटानी चौक के पास हुआ हादसा

यह हादसा चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के माधोपुर फुटानी चौक के समीप हुआ. जानकारी के अनुसार रामसिंहडीह पंचायत के चार दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर पुनासी डैम घूमने गए थे. लौटने के दौरान मोड़ के पास आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इससे पीछे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए.

दो युवकों की चली गई जान

इस हादसे में रामसिंहडीह (दास टोला) निवासी 21 वर्षीय सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय सूरज कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई.

तीन महीने पहले हुई थी सचिन की शादी

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि मृतक सचिन कुमार की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी. नई-नई बसी गृहस्थी पर इस दुर्घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने के बाद यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

एनएच-333 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन चलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना, निर्धारित गति का पालन करना और मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतना ऐसे हादसों को काफी हद तक रोक सकता है.


विज्ञापन
श्याम सिंह तोमर

लेखक के बारे में

By श्याम सिंह तोमर

श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन