स्कॉर्पियो ने बाइक व स्कूटी में मारी टक्कर, एक की मौत, आधा दर्जन घायल

Updated at : 05 Apr 2026 9:29 PM (IST)
विज्ञापन
स्कॉर्पियो ने बाइक व स्कूटी में मारी टक्कर, एक की मौत, आधा दर्जन घायल

चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर जेरुवाडीह बेला मोड़ के समीप रविवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक व स्कूटी में टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गये.

विज्ञापन

चकाई. चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर जेरुवाडीह बेला मोड़ के समीप रविवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक व स्कूटी में टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवघर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जेरुवाडीह मोड़ के पास सामने चल रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी सवार युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के खास चकाई गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रंजन तिवारी (30) के रूप में हुई है. वहीं स्कूटी सवार चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के भलसुमा गांव निवासी दिलीप राम (पिता- मोती राम) घायल हो गये. स्कार्पियो में सवार तबस्सुम कुमारी, जहांगीर अंसारी और फुरकान अंसारी (ग्राम नीमारंग, थाना जमुई बाजार) समेत अन्य लोग भी घायल हो गए. बताया जाता है कि सभी लोग माधोपुर पार्क से घूमकर वापस जमुई लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी, जिससे उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की 112 डायल पुलिस टीम के विनोद रंजन एवं रितेश कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जमुई और देवघर रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जेरुवाडीह बेला मोड़ सड़क दुर्घटनाओं का डेंजर जोन बन गया है. यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन