कुकुरझप डैम का बदलेगा तस्वीर, जंगल-पहाड़ के बीच खुलेगा एडवेंचर टूरिज्म का नया दरवाजा
ड्रोन कैमरे से ली गई कुकुरझप डैम की मनोरम तस्वीर। | Prabhat Khabar Network
बिहार के जमुई में कुकुरझप डैम को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. इस योजना के तहत जिप लाइन, साइक्लिंग और कॉटेज जैसी सुविधाओं के साथ एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, चोरमारा स्थित भट्ठाकोल जलस्रोत को भी प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
Kukurjhap Dam Eco Tourism: प्राकृतिक खूबसूरती से लबरेज कुकुरझप डैम अब सिर्फ जलाशय के रूप में नहीं रहेगा. जमुई के बरहट प्रखंड स्थित इस डैम को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गयी है. बिहार राज्य इको-टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी की देखरेख में कुकुरझप डैम को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मॉडल के तहत अत्याधुनिक इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की योजना अंतिम चरण में पहुंच गयी है.
परियोजना का मकसद प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. खास बात यह है कि योजना को केवल सैर-सपाटे तक सीमित नहीं रखा जायेगा. इसमें एडवेंचर टूरिज्म के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ाने की भी तैयारी है.
जिप लाइन, साइक्लिंग और कॉटेज से बढ़ेगा रोमांच
योजना के पहले चरण में कुकुरझप डैम पर जिप लाइन, साइक्लिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है. पर्यटकों के रात्रि विश्राम के लिए आधुनिक कॉटेज भी बनाये जायेंगे.
इससे पर्यटक कुछ घंटे डैम घूमने के बाद वापस लौटने के बजाय यहां रुककर जंगल, पहाड़ और जलाशय की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे. परियोजना के तहत पर्यटक सुविधा केंद्र, बैठने की बेहतर व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जायेंगी.
कुकुरझप डैम के आसपास पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है. पर्यटन से जुड़े छोटे कारोबार, स्थानीय सेवाओं और अन्य गतिविधियों को भी इससे लाभ मिल सकता है.
भट्ठाकोल में प्रकृति के साथ एडवेंचर और ट्रेकिंग
कुकुरझप के साथ चोरमारा स्थित भट्ठाकोल जलस्रोत को भी पर्यटन के नये केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. यहां पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों के साथ एडवेंचर टूरिज्म और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियों से जोड़ने की योजना है.
घने जंगल, ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी भूभाग और समृद्ध जैव विविधता से घिरा चोरमारा क्षेत्र पहले से ही प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है. यहां तेंदुआ, भालू और सांभर हिरण सहित कई वन्यजीवों के अलावा स्थानीय और प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी भी क्षेत्र की प्राकृतिक अहमियत को बढ़ाती है.
इसी वजह से भट्ठाकोल को प्रकृति, वन्यजीव और रोमांच के संगम के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है. योजना के धरातल पर उतरने के बाद यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन सकता है.
पर्यटन के सपने के बीच अंधेरे में डूब जाता है डैम
कुकुरझप डैम को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी के बीच मौजूदा व्यवस्था की एक तस्वीर भी सामने आती है. डैम पर लगी हाईमास्ट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी है. शाम ढलते ही पूरा डैम अंधेरे में डूब जाता है.
डैम की खूबसूरती देखने के लिए लोग देर शाम तक पहुंचते हैं, लेकिन अंधेरा बढ़ने के बाद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में एक ओर जहां आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर मौजूदा प्रकाश व्यवस्था का खराब होना जमीनी स्तर की चुनौती को सामने रखता है.
जिस स्थल को भविष्य में पर्यटकों से गुलजार करने की योजना है, वहां वर्तमान में बुनियादी सुविधा का दुरुस्त होना भी जरूरी है. हाईमास्ट लाइट के खराब रहने से पर्यटन विकास की योजना और मौजूदा व्यवस्था के बीच का अंतर भी दिखाई देता है.
Kukurjhap Dam Eco Tourism: सर्वे पूरा, आगे की कार्ययोजना प्रस्तावित
जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी पीपीपी योजना के तहत भीम बांध से सटे कुकुरझप डैम और चोरमारा क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है.
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है. अब इसके आगे की कार्ययोजना प्रस्तावित की जा रही है. योजना के पूरा होने पर कुकुरझप और चोरमारा क्षेत्र में प्राकृतिक पर्यटन के साथ एडवेंचर टूरिज्म को भी नया विस्तार मिलने की उम्मीद है.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए