जमुई के गिद्धौर में हल्की बारिश ने खोली सड़क की पोल, कीचड़ और जलजमाव से कई गांवों का आवागमन प्रभावित
फोटो कैप्शन : सिमरिया गांव को धोबघट गांव को जोड़ने वाली तालाब में तब्दील सड़क की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
गिद्धौर के धोबघट गांव में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से ग्रामीणों का आवागमन ठप. प्रशासन से सड़क मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई है.
Jamui News: जमुई. गिद्धौर प्रखंड की कोल्हुआ पंचायत में एक ऐसी ग्रामीण सड़क है, जिस पर हल्की बारिश भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाती है. धोबघट गांव के यादव टोला से होकर सिमरिया, गेरुआडीह और पूर्वी कोल्हुआ सहित कई गांवों को जोड़ने वाला यह मार्ग इन दिनों कीचड़ और जलजमाव की वजह से दलदल में बदल गया है. सड़क पर जमा पानी और फिसलन के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, जबकि बाइक, साइकिल और अन्य छोटे वाहनों की आवाजाही भी जोखिम भरी हो गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर बारिश के मौसम में यही हालात बन जाते हैं. सड़क की बदहाली के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मजदूरों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.
यादव टोला के पास सबसे अधिक बदहाल है सड़क
ग्रामीणों के अनुसार धोबघट गांव के यादव टोला के समीप सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और उनमें बारिश का पानी भरकर लंबे समय तक जमा रहता है.
आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे कीचड़ और बदबू की समस्या और गंभीर हो जाती है. लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने स्थिति को और खराब कर दिया है.
कई गांवों की जीवनरेखा बनी है यह सड़क
यह सड़क केवल एक ग्रामीण मार्ग नहीं, बल्कि सिमरिया, गेरुआडीह, पूर्वी कोल्हुआ और आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है.
ग्रामीण बताते हैं कि बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए अधिकांश लोगों को इसी सड़क का उपयोग करना पड़ता है. सड़क खराब होने से पूरे क्षेत्र की आवाजाही प्रभावित हो रही है.
जलजमाव से बढ़ा संक्रमण का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है.
बच्चों और बुजुर्गों को इस मार्ग से गुजरने में विशेष कठिनाई होती है. कई बार लोग कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे चोट लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं.
प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
सड़क की बदहाल स्थिति और जल निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीण विकास सिंह, किसान नेता कुणाल सिंह, रघु सिंह, मनोज मिश्रा और सचिदानंद मिश्रा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
उन्होंने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने की अपील की है.
Jamui News: लोगों को है स्थायी राहत की उम्मीद
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत और नाला निर्माण का कार्य समय पर कर दिया जाए, तो न केवल आवागमन सुचारु होगा बल्कि स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा और क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सकेगी.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कुमार सौरभ
कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










