दो साल पहले मर चुके शिक्षक को भेज दिया स्पष्टीकरण, प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने का लगा आरोप

Updated:
विज्ञापन

फोटो- जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी ष्टीकरण पत्र

शिक्षा विभाग की चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है, जहां दो साल पहले दिवंगत हो चुके एक शिक्षक को प्रशिक्षण में अनुपस्थिति के लिए नोटिस भेजा गया है। यह मामला विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

विज्ञापन

Jamui News: जमुई. शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां करीब दो साल पहले मौत हो चुके एक शिक्षक को वर्ष 2026 में प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने के आरोप में स्पष्टीकरण जारी कर दिया गया. मामला खैरा प्रखंड के प्लस टू आरएसएस उच्च विद्यालय बाराबांध से जुड़ा है. विद्यालय के शिक्षक विजय कुमार झा की मृत्यु 4 नवंबर 2024 को हो चुकी थी. इसके बावजूद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा, जमुई की ओर से 3 अगस्त 2026 को जारी स्पष्टीकरण पत्र में उनका नाम शामिल किया गया है.

चार शिक्षकों से मांगा गया स्पष्टीकरण

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नितेश कुमार की ओर से जारी पत्र में चार शिक्षकों-शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है. इनमें +2 जनता उच्च विद्यालय सतायन की शिक्षिका नेहा कुमारी गुप्ता, शिक्षक राजीव कुमार, +2 आरएसएस उच्च विद्यालय बाराबांध, खैरा के शिक्षक विजय कुमार झा और +2 एसएस उच्च विद्यालय सोनो की शिक्षिका अंजली कुमारी शामिल हैं. सभी पर प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया है.

20 से 24 जुलाई तक था आवासीय प्रशिक्षण

पत्र के अनुसार 20 से 24 जुलाई 2026 तक राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, बिहार, पटना में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था. संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था. विभाग ने प्रशिक्षण में अनुपस्थिति को लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना माना है. इसी आधार पर 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया.

2024 में हो चुकी थी शिक्षक की मौत

पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल शिक्षक विजय कुमार झा के नाम को लेकर है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु 4 नवंबर 2024 को बीमारी के कारण हो चुकी थी. ऐसे में सवाल है कि वर्ष 2026 में प्रशिक्षण के लिए तैयार की गयी सूची में उनका नाम कैसे शामिल हो गया. इतना ही नहीं, प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के आधार पर उनके नाम से स्पष्टीकरण भी जारी कर दिया गया.

विद्यालय ने दी थी मृत्यु की लिखित जानकारी

+2 आरएसएस उच्च विद्यालय बाराबांध के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिमेष कुमार ने बताया कि शिक्षक विजय कुमार झा की बीमारी के कारण वर्ष 2024 में ही मृत्यु हो गयी थी. इसकी लिखित जानकारी विद्यालय की ओर से शिक्षा कार्यालय को दी जा चुकी है. उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मृत शिक्षक के नाम पर स्पष्टीकरण जारी किये जाने की जानकारी उन्हें भी मिली है.

रिकॉर्ड अपडेट और सत्यापन पर सवाल

मामले ने शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड अपडेट और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. यदि शिक्षक की मृत्यु की जानकारी शिक्षा कार्यालय को दी जा चुकी थी, तो उनका नाम दो साल बाद प्रशिक्षण सूची में कैसे शामिल हुआ? प्रशिक्षण सूची तैयार करने से पहले शिक्षकों के सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन क्यों नहीं किया गया? वहीं, स्पष्टीकरण जारी करने से पहले भी संबंधित शिक्षक की वर्तमान स्थिति की जांच नहीं की गयी.

जिम्मेदारी तय करने की मांग

मामला सामने आने के बाद अब यह स्पष्ट करने की जरूरत है कि प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों की सूची किस स्तर पर तैयार की गयी थी और विजय कुमार झा का नाम उसमें किस आधार पर शामिल हुआ. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि उनकी मृत्यु की जानकारी विभागीय रिकॉर्ड में अपडेट क्यों नहीं हुई. मृत शिक्षक के नाम पर जारी स्पष्टीकरण ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.

डीईओ बोले-

जांच के बाद स्पष्ट होगा मामला जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है. जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ बता सकते हैं.

ये भी पढ़ें: सोनो में नवविवाहिता से दुष्कर्म का प्रयास, शराब के नशे में घर में घुसा पड़ोसी युवक गिरफ्तार


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन