21 को धूमधाम से मनाया जायेगा जिला स्थापना दिवस
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 31 Jan 2026 10:34 PM
प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, विकास सह किसान मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
जमुई. 21 फरवरी को पूरे हर्षोल्लास के साथ जिला स्थापना दिवस मनाया जाएगा. इसे लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक की गयी. इसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गयी. बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित अधीनस्थ समाहरणालय व अन्य सरकारी कार्यालयों को नीली रोशनी व रंग-बिरंगे झालरों से आकर्षक ढंग से सजाएं. इसके साथ ही आयोजन को सांस्कृतिक स्वरूप देने पर भी विशेष जोर दिया गया. जिलाधिकारी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, विकास सह किसान मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही समाजवादी नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी श्रीकृष्ण सिंह की जयंती भी समारोहपूर्वक मनायी जायेगी. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त जमुई की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया है. कार्यक्रम के तहत प्रभात फेरी सुबह सात बजे निकाली जाएगी, जिसमें स्कूली बच्चे भाग लेंगे. इसके बाद नगर परिषद जमुई, झाझा व सिकंदरा की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा. कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाह्न 10 बजे श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा. इसके उपरांत 10:15 बजे पूर्वाह्न श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में जिला स्थापना दिवस समारोह का विधिवत शुभारंभ होगा. इस अवसर पर एक दिवसीय विकास सह किसान मेला का आयोजन भी किया जाएगा. इसमें चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, आइसीडीएस, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जल एवं स्वच्छता समिति, पीएचईडी, मद्य निषेध, जीविका, दिव्यांग जन सशक्तीकरण, निर्वाचन शाखा एवं जिला आपदा प्रबंधन शाखा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये जाएंगे. स्टॉल पूर्वाह्न नौ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक आमजनों के लिए खुले रहेंगे. बैठक में उपविकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता बालमुकुंद प्रसाद, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, पीएचईडी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










