बाबा धनेश्वरनाथ धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, डीएम-एसपी ने पूजा कर श्रद्धालुओं को दिया स्वागत संदेश

श्रावणी मेला का उदघाटन करते डीएम, एसपी व अन्य पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
Shravani Mela 2026 : जमुई के बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में श्रावणी मेले का शुभारंभ हुआ. डीएम और एसपी ने पूजा कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेले के उद्घाटन अवसर पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाबा धनेश्वरनाथ के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. उन्होंने जिलेवासियों और श्रद्धालुओं के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. उद्घाटन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और शिवगंगा सरोवर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
मेले के शुभारंभ समारोह में खेल, कला, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, भूमि उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, कवि, साहित्यकार, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
'बिहार का देवघर' कहलाता है बाबा धनेश्वरनाथ धाम
महादेव सिमरिया स्थित बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर को श्रद्धालु 'बिहार का देवघर' भी कहते हैं. सावन माह में यहां भगवान शिव के उपलिंग स्वरूप के दर्शन के लिए बिहार सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता इसे जमुई जिले के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल करती है.
पौराणिक इतिहास से जुड़ी है मंदिर की पहचान
लोक मान्यताओं के अनुसार गिद्धौर राजवंश के राजा पूरणमल की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विश्वकर्मा ने एक ही रात में इस मंदिर का निर्माण किया था. वहीं धनवे गांव के कुंभकार धनेश्वर पंडित को स्वयंभू शिवलिंग प्राप्त हुआ था. आज भी परंपरा के अनुसार कुंभकार समाज के लोग यहां विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेते हैं. मंदिर के चारों ओर स्थित शिवगंगा सरोवर और सामने दिखाई देने वाली गिद्देश्वर पर्वत की चोटियां इसकी धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता को और आकर्षक बनाती हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाबा धनेश्वरनाथ धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि जमुई की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में बैरिकेडिंग, पेयजल, मेडिकल कैंप, स्वच्छता व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले की गरिमा, स्वच्छता और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज कुमार सिंह
पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










