संदिग्ध स्थिति में छज्जे की कड़ी से लटका मिला केक दुकान संचालक का शव, जांच शुरू
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 Jan 2026 9:20 PM
स्थानीय थाना क्षेत्र के पांडो बाजार स्थित एक केक दुकान में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गयी जब दुकान संचालक एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया.
बरहट . स्थानीय थाना क्षेत्र के पांडो बाजार स्थित एक केक दुकान में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गयी जब दुकान संचालक एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया. युवक का शव मकान के पीछे बने कमरे में छज्जे की कड़ी से झूलता मिला, जबकि उसके पैर जमीन से सटे हुए थे. कमरे के फर्श पर खून के निशान भी पाये गये. मृतक की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के बलियाडीह गांव निवासी मोहम्मद तसामूल के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर बरहट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बेकरी दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये गये. स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद तसामूल पिछले करीब पांच वर्षों से पांडो बाजार में अपने एक साथी के साथ मिलकर केक की दुकान चला रहा था. दुकान वाले मकान के पीछे ही उसका रहने का कमरा था. बताया गया कि दो दिन पहले उसका साथी घर चला गया था. बुधवार को जब तसामूल के परिचित दुकान पर पहुंचे, तो दुकान बंद मिली और मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था. इसके बाद लोगों ने दुकान के पीछे खिड़की से झांककर देखा तो युवक का शव लटका हुआ पाया गया. सूचना मिलते ही एसआइ मंतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, युवक का बाजार की ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे विवाह करना चाहता था,जबकि परिजन कहीं और शादी की बात कर रहे थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण घटना हुई हो. हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इस संबंध में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि युवक का शव छज्जे की कड़ी से लटका हुआ मिला है. एफएसएल टीम को बुलाकर जांच करायी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










