ePaper

होली में बिहार आना हुआ महंगा, सिंगापुर से भी महंगा हुआ पटना के फ्लाइट का किराया

Updated at : 19 Feb 2026 11:18 AM (IST)
विज्ञापन
Holi Flight Fares

सांकेतिक तस्वीर

Holi Flight Fares: होली के मौके पर घर लौटने की चाह रखने वाले बिहार के लोगों के लिए इस बार हवाई यात्रा बेहद महंगी हो गई है. मांग बढ़ने और सीटें सीमित होने के कारण यात्रियों को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है.

विज्ञापन

Holi Flight Fares: होली पर अपने घर बिहार लौटने की चाहत रखने वाले परदेसियों के लिए हवाई सफर अब किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे महानगरों से पटना आने वाली फ्लाइटों का किराया इस कदर बढ़ गया है कि इसने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी पीछे छोड़ दिया है.

आलम यह है कि मुंबई से पटना का टिकट दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट से भी महंगा बिक रहा है. ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने के कारण मजबूरी में फ्लाइट का रुख करने वाले यात्रियों को अपनी जेबें तीन गुना तक ढीली करनी पड़ रही हैं.

सिंगापुर जाना सस्ता, पटना आना महंगा

इस बार होली के सीजन में फ्लाइट टिकटों की कीमतों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. जहां दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया लगभग 15,497 रुपये के आसपास है, वहीं मुंबई से पटना आने वाली सीधी फ्लाइट का किराया 17,000 रुपये के पार पहुंच गया है.

सामान्य दिनों में 7 से 8 हजार में मिलने वाला यह टिकट अब दोगुने से भी अधिक दाम पर मिल रहा है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस असंतुलन को लेकर नाराजगी जता रहे हैं कि आखिर घरेलू उड़ानों का किराया अंतरराष्ट्रीय ट्रिप से ज्यादा कैसे हो सकता है.

महानगरों से बिहार का सफर हुआ ‘प्रीमियम’

केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि देश के अन्य बड़े शहरों से भी पटना की कनेक्टिविटी बेहद महंगी हो गई है. दिल्ली से पटना की फ्लाइट, जो आम तौर पर 4 से 5 हजार रुपये में उपलब्ध होती है, अब 13,000 रुपये तक पहुंच गई है.

बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों से आने वाले आईटी प्रोफेशनल्स के लिए भी मुश्किलें कम नहीं हैं, वहां से किराया 15,000 रुपये के पार है. सबसे ज्यादा दबाव 1 और 2 मार्च की सीटों पर देखा जा रहा है, क्योंकि अधिकांश लोग होली से ठीक पहले घर पहुंचना चाहते हैं.

ट्रेनें फुल, अब बस और ‘स्पेशल’ फ्लाइट्स का ही सहारा

हवाई किराए में इस बेतहाशा बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है. दिल्ली और मुंबई से आने वाली प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है. यात्रियों की इस भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ स्पेशल ट्रेनें जरूर चलाई हैं, लेकिन वे भी नाकाफी साबित हो रही हैं.

सरकार अब करीब 200 होली स्पेशल बसें चलाने की तैयारी में है ताकि आम लोगों को कुछ राहत मिल सके. हालांकि, जो लोग समय बचाने के लिए हवाई सफर चुन रहे हैं, उनके लिए इस बार की होली ‘लग्जरी’ साबित होने वाली है.

Also Read: होली पर घर आने वालों के लिए खुशखबरी, मुंबई-पुणे से बिहार के लिए कई स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन