वैशाली: राघोपुर में फंदे से लटका मिला युवक का शव, घरेलू विवाद के बाद मौत की आशंका; जांच जारी
बिहार के राघोपुर में पहाड़पुर गांव के एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, परिजनों को सूचना दे दी गई है।
Hajipur News : राघोपुर के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पूर्वी गांव में फंदे से लटका युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान नरेश साह के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है.
आपके शहर में
घर का दरवाजा अंदर से था बंद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विक्रम शनिवार सुबह से घर से बाहर नहीं निकला था. काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर लोगों को शक हुआ. इसके बाद कुछ ग्रामीण उसके घर पहुंचे. घर का दरवाजा अंदर से बंद था. दरवाजा खोलकर देखा गया तो विक्रम फंदे से लटका मिला.
घटना की सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसके परिजनों को दी. मृतक के परिवार के अन्य सदस्य कोलकाता में रहते हैं और वहां गोलगप्पा बेचने का काम करते हैं. परिजनों के राघोपुर पहुंचने की बात बतायी गयी है.
भाई से विवाद की बात सामने आयी
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को विक्रम का अपने भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया था. स्थानीय लोगों को आशंका है कि घरेलू विवाद के बाद युवक ने यह कदम उठाया होगा. हालांकि, पुलिस ने घटना के कारण की पुष्टि नहीं की है. बताया जाता है कि विक्रम कुछ दिन पहले ही कोलकाता से अपने गांव पहाड़पुर आया था. वह पांच भाइयों में से एक था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि युवक के फंदे से लटके होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है. शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए