अवध-असम एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चोरी, RPF ने आरोपी को दबोचा; नकदी समेत सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने चोरी के सामान के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अवध-असम एक्सप्रेस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
Hajipur News : हाजीपुर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. हाजीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में छापेमारी के दौरान पकड़े गये आरोपी के पास से अवध-असम एक्सप्रेस में महिला यात्री से चोरी किया गया लेडीज पर्स बरामद हुआ. पर्स में पांच हजार रुपये नकद समेत कई सामान थे.
आपके शहर में
स्टेशन परिसर से संदिग्ध युवक गिरफ्तार
आरपीएफ पोस्ट हाजीपुर के निरीक्षक प्रभारी पीके रावत के निर्देशन और उपनिरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी. टीम ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में छापेमारी कर सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर हरौली निवासी सोनल कुमार को गिरफ्तार किया.
तलाशी के दौरान उसके पास से गाड़ी संख्या 15910 अवध-असम एक्सप्रेस में एक महिला यात्री से चोरी किया गया लेडीज पर्स बरामद हुआ.
पर्स में नकदी समेत कई सामान मिले
आरपीएफ के अनुसार, बरामद पर्स से पांच हजार रुपये नकद, चांदी जैसी धातु की तीन बिछिया, एक चेन, मोबाइल चार्जर, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य सामान मिले. सभी सामान को जब्त कर लिया गया.
इसके अलावा आरोपी के पास से उसका व्यक्तिगत मोबाइल फोन और कवर सहित एक छोटा चाकू भी बरामद किया गया.
लिच्छवी एक्सप्रेस में चोरी की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 26 अगस्त को गाड़ी संख्या 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस में भी चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की. इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर हरौली-फतेहपुर स्थित संभावित ठिकानों पर आरपीएफ और जीआरपी हाजीपुर की संयुक्त टीम ने छापेमारी की.हालांकि, इस दौरान चोरी गया अन्य सामान बरामद नहीं हो सका. पुलिस की ओर से चोरी के सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं.
आरोपी को जीआरपी के हवाले किया
गिरफ्तार आरोपी और जब्त किये गये सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस थाना हाजीपुर को सौंप दिया गया है. आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यात्री सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए