वैशाली : रातभर चली तलाश, 22 घंटे बाद SDRF ने बरामद किया छात्रा तारा का शव
शव मिलने पर जुटे परिजन एवं स्थानीय लोग
महनार रेलवे स्टेशन के पास गड्ढे में डूबी छात्रा तारा का शव 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद हुआ। परिवार में मातम का माहौल, प्रशासन ने सहायता का दिया आश्वासन।
Hajipur News : महनार रेलवे स्टेशन के फाटक संख्या 31 सी से कुछ दूरी पर पश्चिम दिशा में रेलवे लाइन किनारे गड्ढे के पानी में डूबी छात्रा तारा का शव करीब 22 घंटे बाद रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया. शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. पिता लख्खी पासवान, मां, तीन बहनों और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों की हालत देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
आपके शहर में
रातभर लाइट जलाकर होती रही तलाश
शनिवार की शाम करीब तीन बजे से ही छात्रा की तलाश में परिजन, स्थानीय लोग और एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई थी. रात में भी लाइट जलाकर काफी देर तक गड्ढे के पानी में खोजबीन की गयी. रेलवे लाइन के किनारे बिछाये गये पत्थरों के बीच तलाश करने के दौरान कई लोगों के घायल होने की भी बात सामने आयी है. करीब 22 घंटे तक चले अभियान के बाद रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने छात्रा का शव बरामद कर लिया.
पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता का आश्वासन
शव बरामद होने के बाद मुखिया अशोक कुमार सिंह ने राजस्व अधिकारी पूजा राय से बात कर पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. आरओ पूजा राय ने राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजने तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
महनार थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद चमरहरा गांव में शोक का माहौल है. छात्रा की मौत से परिवार और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए