हाजीपुर: इलाज के दौरान निजी अस्पताल में युवक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने एनएच-122बी जाम किया
सड़क जाम करते आक्रोषित लोगों को समझाते स्थानीय विधायक व पुलिस | Prabhat Khabar Network
देसरी के निजी अस्पताल में गलत इलाज से युवक की मौत के बाद परिजनों ने हाजीपुर-महनार पथ को जाम कर दिया। विधायक के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
Hajipur Road Accident : वैशाली जिले के देसरी प्रखंड क्षेत्र के खोरमपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाजीपुर-महनार पथ एनएच-122 बी को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय विधायक महेंद्र राम मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. मृतक की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी शिवालक दास के 25 वर्षीय पुत्र सुरेश दास के रूप में हुई है.
आपके शहर में
चार दिन पहले ठेकेदार ने कराया था अस्पताल में भर्ती
मृतक की भाभी ने बताया कि सुरेश बैंगलोर से घर आया था. उसे आंख खोलने में परेशानी हो रही थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. जिस ठेकेदार के माध्यम से वह काम करता था, उसी ने चार दिन पहले उसे खोरमपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था.
मौत के बाद शव नहीं देने का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार सुबह अस्पताल संचालक ने युवक को अस्पताल से निकालकर एंबुलेंस से कभी महनार तो कभी चकौशन ले जाकर इलाज कराने की बात कही. परिजनों ने बताया कि उन्हें विश्वास था कि युवक की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद अस्पताल संचालक शव नहीं दे रहा था. इससे आक्रोशित दर्जनों ग्रामीण अस्पताल के पास पहुंचे और बांस-बल्ला लगाकर एनएच-122 बी को जाम कर दिया.

पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने ग्रामीण
सड़क जाम की सूचना मिलते ही चांदपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. हालांकि, परिजन और ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे. इसके बाद स्थानीय विधायक महेंद्र राम मौके पर पहुंचे और परिजनों को शव चांदपुरा थाना लाने तथा अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई कराने का भरोसा दिया.
एक लाख रुपये लेने के बावजूद इलाज में लापरवाही का आरोप
विधायक के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया. परिजनों का आरोप है कि चार दिनों के इलाज के दौरान अस्पताल में करीब एक लाख रुपये लिए गए, लेकिन युवक का सही तरीके से इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. खबर लिखे जाने तक परिजन चांदपुरा थाना में अस्पताल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन तैयार करने में जुटे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
