hajipur news. संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने साझा किये अपने अनुभव
Published by : Shashi Kant Kumar Updated At : 26 Apr 2025 11:52 PM
संवाद कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल माध्यम से राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाये गये कदमों और किये गये कार्यों की जानकारी महिलाओं को दी गयी
हाजीपुर. महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल “महिला संवाद ” कार्यक्रम के तहत शनिवार को 21 जागरूकता रथों के माध्यम से 42 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एलईडी स्क्रीन, वीडियो फिल्म, सेल्फी पॉइंट, स्टैंडी, लीफ्लेट्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस गाड़ियों से महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है. महिला संवाद में जीविका से जुड़ी और गैर-जीविका की बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं. शनिवार को करीब सात हजार से महिलाओं ने संवाद में भाग लिया. संवाद कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए. संवाद के दौरान महिलाओं ने बताया कि किस तरह सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में बदलाव आया. सुनीता देवी, जो कभी अत्यंत गरीब थीं, ने सतत जीविकोपार्जन योजना का लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ाई और अब बेहतर जीवन जी रही हैं. ममता देवी को साइकिल योजना और उनकी बेटी को इंटर की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिला है. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की आकांक्षाएं भी संकलित की जा रही हैं. वार्ड नंबर 7 की खुशबू देवी के पति धर्मेंद्र साह ने उप स्वास्थ्य केंद्र पर अस्पताल जैसी सुविधा की मांग की, जबकि उसी वार्ड की लाल मुनी देवी के पति बिहारी पासवान ने वृद्धा पेंशन की राशि 400 से बढ़ाकर 2000 रुपये करने का अनुरोध किया है. सविता देवी के पति बेचन पासवान ने राशन की मात्रा 5 किलोग्राम से बढ़ाकर 10 किलोग्राम करने की मांग की, वहीं वार्ड नंबर 6 की खातून ने शौचालय की आवश्यकता बतायी. इसके अतिरिक्त, महिलाओं से व्यक्तिगत और सार्वजनिक हितों से जुड़े सुझाव भी एकत्र किए गए. साथ ही सरकार से उनकी अपेक्षाओं को भी जानने का प्रयास किया गया. बताया गया कि इन सुझावों को संकलित कर प्राथमिकता के आधार पर उनका दस्तावेजीकरण किया जा रहा है. आगे चलकर इन सुझावों को जिला प्रशासन और राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि उन पर विचार कर नीतिगत निर्णय लिए जा सकें. महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल माध्यम से राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाये गये कदमों और किये गये कार्यों की जानकारी महिलाओं को दी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










