विश्वकर्मा पूजा पर गाड़ी धोने के दौरान बाढ़ के पानी में डूबा मासूम, काफी देर बाद शव बरामद

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक दुखद हादसा हुआ, जहाँ बाढ़ के पानी में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना से उसके ननिहाल और गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

Hajipur News : राघोपुर के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र की जहांगीरपुर पंचायत स्थित कंगन घाट के पास गुरुवार की शाम बाढ़ के पानी में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के गांव और ननिहाल में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान पटना जिले के चिरैया बख्तियारपुर निवासी दयानंद राय के सात वर्षीय पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है. शुभम अपने ननिहाल आया हुआ था.

विज्ञापन

गाड़ी धोने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर शुभम के ननिहाल के लोग गंगा किनारे अपनी गाड़ी धो रहे थे. इसी दौरान शुभम ईंट भट्ठा के पास से होकर जा रहा था. रास्ते में बाढ़ का पानी भरे गहरे गड्ढे में उसका पैर फिसल गया और वह डूब गया.

बच्चे के डूबने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

बिना बताये घर से निकला था शुभम

परिजन सत्यानंद राय ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा को लेकर परिवार के लोग गंगा किनारे गाड़ी धो रहे थे. इसी दौरान शुभम बिना किसी को बताये घर से निकल गया था. परिजनों को लगा कि वह आसपास कहीं खेल रहा होगा. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गयी. इसी दौरान गड्ढे में भरे पानी से उसका शव बरामद किया गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना रुस्तमपुर थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

थानाध्यक्ष ने दी घटना की जानकारी

रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गयी. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन