वैशाली: महुआ में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, सीढ़ी घर का एस्बेस्टस हटाकर 50 हजार नकद समेत 7 लाख की चोरी

Author Dileep kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

महुआ में चोरी के बाद बिलखते परिजन। | Prabhat Khabar Network

Vaishali News: वैशाली जिले में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. परिवार के दिल्ली जाने के बाद चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

Vaishali News: वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जानगर वार्ड संख्या 7 निवासी अरुण सिंह की पत्नी संगीता देवी बीते 28 जून को अपनी पुत्री काजल कुमारी और रानी कुमारी के साथ इलाज कराने के लिए दिल्ली गई थीं. वहां चिकित्सीय परामर्श और जांच कराने के बाद वे अपनी पुत्रियों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर चली गई थीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह लौटते ही उड़े होश

संगीता देवी मां वैष्णो देवी के दर्शन कर बुधवार की अहले सुबह जैसे ही अपने पैतृक घर वापस लौटीं, तो मुख्य गेट खोलकर अंदर जाते ही उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि अंदर के कमरों और पीछे के मुख्य दरवाजे का ताला पूरी तरह टूटा हुआ था. इसे देखकर वे दंग रह गईं और अनहोनी की आशंका में चिल्लाने लगीं.

बॉक्स और गोदरेज के लॉक टूटे

जब पीड़ित परिवार ने सहमकर कमरे में प्रवेश किया, तो देखा कि चोरों ने अंदर रखी भारी गोदरेज, वीआईपी अटैची और लोहे के बक्से का लॉक बेरहमी से तोड़ दिया था. चोरों ने बक्से में रखे गए 50 हजार रुपये नकद के साथ ही घर में लगे तीन छत पंखा, एक कीमती एलईडी टीवी, एक डीवीडी प्लेयर और एक होम थियेटर पर हाथ साफ कर दिया था.

जेवर और मोबाइल भी गायब

इसके अतिरिक्त चोरों ने रसोई घर में रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर, चांदी की पायल, चेन, सोने के कान के कुंडल, नाक की कीमती कील (फूल) और पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन समेत कुल 7 लाख रुपये की भारी चल-अचल संपत्ति चोरी कर ली थी. पीड़िता की पुत्री काजल कुमारी ने बताया कि चोरों द्वारा मुख्य सीढ़ी घर के ऊपर लगे एस्बेस्टस को हटाकर अंदर प्रवेश किया गया था.

संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल

नकद समेत 7 लाख की भीषण चोरी की इस वारदात के बाद घर की मालकिन संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इस भीषण चोरी की लिखित सूचना तुरंत महुआ थाना पुलिस को दे दी गई है. सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों की भारी भीड़ पीड़ित के दरवाजे पर जुट गई है.

आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई

इस संबंध में पूछे जाने पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि मिर्जानगर गांव के एक बंद घर से चोरी की बड़ी घटना होने की प्राथमिक जानकारी पुलिस को मिली है. सूचना के आधार पर तुरंत घटनास्थल पर पुलिस पदाधिकारियों को भेजकर तकनीकी जांच कराई गई है. पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: वैशाली के थानों में बदहाल हुई शिकायत पेटी व्यवस्था, कई जगह ताले में जंग तो कहीं पेटी ही गायब


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन