वैशाली के देसरी में आरओबी निर्माण को लेकर आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, वर्षों से लंबित है मांग

Updated:
विज्ञापन

भूख हड़ताल को लेकर लगा बैनर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Hajipur-Bachwara Rail Section: वैशाली के देसरी में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण और यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हो रही है. कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित के नेतृत्व में दर्जनों लोग विरोध प्रदर्शन करेंगे. यह आंदोलन वर्षों से लंबित मांगों को लेकर है.

विज्ञापन

Hajipur-Bachwara Rail Section: हाजीपुर-बछवारा रेलखंड पर देसरी रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू होगी. कांग्रेस पार्टी के वैशाली जिला ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत पंडित समेत दर्जनों लोग 18 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे कृष्णा चौक, देसरी में भूख हड़ताल पर बैठेंगे. आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में आरओबी निर्माण, देसरी स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, रेलवे स्टेडियम का सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार शामिल है.

विज्ञापन

वर्षों से लंबित है आरओबी निर्माण की मांग

देसरी और आसपास के लोगों के अनुसार रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर आरओबी निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है. रेलवे फाटक से आवागमन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरओबी बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा.

पहले भी हो चुके हैं आंदोलन

आरओबी, ट्रेन ठहराव और अन्य रेलवे सुविधाओं की मांग को लेकर देसरी प्रखंड परिवर्तन संघर्ष मोर्चा की ओर से 25 अक्टूबर 2025 को देसरी प्रखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया था. इसके बाद 10 अगस्त 2026 को कांग्रेस पार्टी की ओर से भी देसरी प्रखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर इन मांगों को उठाया गया था.

आंदोलनकारियों का कहना है कि लगातार मांग और आंदोलन के बावजूद आरओबी निर्माण सहित अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. इसी वजह से अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का निर्णय लिया गया है.

जीएम से लेकर विधानसभा तक उठी मांग

देसरी में आरओबी निर्माण की मांग पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी ने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक के समक्ष उठाई थी. 9 जनवरी 2025 को तत्कालीन पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह की ओर से पत्र के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है. वर्तमान विधायक महेंद्र राम ने भी विधानसभा में देसरी में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई है.

रेलवे ने बताया, राज्य सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत पंडित ने रेल मंत्री, पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, जिला पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर आरओबी निर्माण, ट्रेनों के ठहराव और अन्य यात्री सुविधाओं की मांग की थी.

इसके जवाब में मंडल रेल प्रबंधक (वाणिज्य), सोनपुर की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र में बताया गया कि देसरी रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर आरओबी निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया चल रही है और संबंधित प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है.

अंडरपास निर्माण को रेलवे ने बताया तकनीकी रूप से संभव नहीं

रेलवे के पत्र में यह भी बताया गया है कि समपार संख्या 37/ए के समीप हाइट कम होने के कारण अंडरपास का निर्माण तकनीकी रूप से संभव नहीं है. ऐसे में स्थानीय लोगों और आंदोलनकारियों का कहना है कि आरओबी निर्माण की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर अंतिम स्वीकृति दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को स्थायी यातायात सुविधा मिल सके.

एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी शामिल

देसरी स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा है. रंजीत पंडित को रेलवे की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से संबंधित निर्णय रेलवे बोर्ड के स्तर पर लिया जाता है.

इसके अलावा रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण और देसरी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी आंदोलनकारियों की ओर से की जा रही है.

आज से शुरू होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित समेत दर्जनों लोगों के शुक्रवार सुबह 10 बजे से कृष्णा चौक पर भूख हड़ताल पर बैठने की तैयारी है. आंदोलनकारियों का कहना है कि आरओबी निर्माण, ट्रेन ठहराव और यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन