वैशाली के 281 सरकारी भवनों पर शुरू हुआ सोलर पावर उत्पादन, हर साल 3 करोड़ रुपये तक होगी बिजली बिल में बचत

Author Kaif ahmed|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
जिले में 281 सरकारी भवनों पर लगा रूफटॉप सोलर संयंत्र, 2 से 3 करोड़ की होगी बचत

सरकारी भवन में लगा सोलर

Hajipur News : वैशाली जिले में सरकारी भवनों पर ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं. 281 भवनों पर बिजली उत्पादन शुरू हो गया है, जिससे सरकारी बिजली खर्च में 3 करोड़ रुपये तक की बचत होगी.

विज्ञापन

Hajipur News : बिहार सरकार के जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत वैशाली जिले में सरकारी भवनों पर ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं. जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सार्वजनिक भवनों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं. इससे स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ सरकारी बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है.

285 भवनों पर सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य

योजना के तहत जिले के 285 सरकारी भवनों पर कुल 2.658 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अब तक 282 सरकारी भवनों पर 2.628 मेगावाट क्षमता के सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं. इनमें से 281 भवनों पर 2.608 मेगावाट क्षमता के संयंत्र चालू होकर बिजली उत्पादन शुरू कर चुके हैं. शेष भवनों पर स्थापना और कमीशनिंग का कार्य अंतिम चरण में है.

हर साल 37 लाख यूनिट हरित बिजली का होगा उत्पादन

इन सोलर संयंत्रों से प्रतिवर्ष लगभग 37 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है. इससे सरकारी संस्थानों के बिजली बिल में हर साल करीब 2 से 3 करोड़ रुपये तक की बचत होगी. साथ ही लगभग 3,000 टन कार्बन डाइऑक्साइड के वार्षिक उत्सर्जन में भी कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा.

ग्रिड में भी भेजी जाएगी अतिरिक्त बिजली

ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर संयंत्र दिन के समय आवश्यक विद्युत आपूर्ति करने के साथ अतिरिक्त उत्पादित बिजली को राज्य विद्युत ग्रिड में भी भेजते हैं. इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा.

पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ लें. इससे लंबे समय तक बिजली बिल में बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा.

ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं इच्छुक नागरिक

'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' के तहत इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है.

Also Read : गया जी में 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी



विज्ञापन
Kaif Ahmed

लेखक के बारे में

By Kaif Ahmed

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन