तेजस्वी यादव के राघोपुर पर चिराग पासवान की भी नजर, बाढ़ से 'बर्बाद' इलाके को कब-कैसे मिलेगी मदद?
राघोपुर में बाढ़ में डूबी सड़क और तेजस्वी यादव व चिराग पासवान की फाइल तस्वीर.
वैशाली के राघोपुर में बाढ़ की भयावह स्थिति है, जो तेजस्वी यादव का निर्वाचन क्षेत्र भी है. लोग घरों से विस्थापित होकर मंदिरों में शरण ले रहे हैं और खाने-पीने के संकट से जूझ रहे हैं.
Tejashwi Yadav Raghopur Flood : वैशाली के राघोपुर में बाढ़ की भयावह स्थिति है. यह बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का निर्वाचन क्षेत्र भी है. साथ ही लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान का संसदीय क्षेत्र भी है.
आपके शहर में
यहां घरों में पानी घुसने से लोग दाने-दाने को मोहताज होकर मंदिरों में शरण लेने को विवश हैं. वहीं करोड़ों की सड़क डूबने और दर्जनों ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद होने से पूरा जनजीवन ठप पड़ गया है.
प्रखंड की करीब 20 पंचायतों के 75 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं. पानी राघोपुर के सरकारी परिसरों तक पहुंच गया है. प्रखंड परिसर, रेफरल अस्पताल मोहनपुर, सीडीपीओ कार्यालय, जुड़ावनपुर थाना परिसर और कृषि भवन परिसर में पानी प्रवेश कर चुका है.
सरकारी कार्यालयों में पानी पहुंचने से आम लोगों के साथ-साथ कर्मचारियों और विभिन्न सरकारी कार्यों से जुड़े लोगों की परेशानी बढ़ गई है. आगे बढ़ने से पहले वीडियो में देखिए तबाही...
View on Instagram
राघोपुर को लेकर अभी दोनों नेता क्या कर रहे हैं?
बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए तेजस्वी यादव लगातार दूसरे हफ्ते पटना से राघोपुर गए हैं. तेजस्वी यादव ने बताया कि राघोपुर के हालात को लेकर वरीय अधिकारियों से उनकी लगातार बातचीत हो रही है. उन्होंने डिप्टी सीएम विजय चौधरी से भी बात की है और पत्र लिखकर मांग की है कि राघोपुर के बाढ़ प्रभावित लोगों को विशेष राहत पैकेज व मदद उपलब्ध कराई जाए.
दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री व हाजीपुर सांसद चिराग पासवान ने कहा है कि नेपाल में आई त्रासदी का असर बिहार पर भी पड़ा है, हालांकि जिला प्रशासन स्तर पर राहत कार्य चल रहा है. उन्होंने कहा कि वह स्वयं अपने संसदीय क्षेत्र की जनता से मिलने जाएंगे.
राघोपुर में हर साल बाढ़ से होने वाली भारी परेशानी पर चिराग ने स्पष्ट किया कि वे और उनकी टीम मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर इस समस्या के स्थायी समाधान (परमानेंट सॉल्यूशन) पर ठोस बातचीत करेंगे.
वहीं इन आरोपों पर राघोपुर नेताप्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के इलाका होने की वजह से राहत कार्य पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है. भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने जबाव दिया है. उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
पूर्व सीएम नीतीश भी कर चुके हैं दौरा
गुरुवार को ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल से गंगा के बढ़ते जलस्तर और आसपास के हालात का जायजा लिया. उन्होंने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की.
उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से नदी और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके. इस दौरान जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और हरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे.

लोगों ने मंदिरों में ली शरण, चूड़े के सहारे कट रही जिंदगी
राघोपुर में कई परिवारों के आशियाने पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे विस्थापित होकर ग्रामीणों ने ऊंचे स्थानों पर स्थित मंदिरों में शरण ले रखी है. प्रभावित लोगों के पास खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है और वे काली पॉलीथिन में रखे चूड़े के सहारे अपनी भूख मिटाने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बाढ़ झेलने के बावजूद उन्हें समय पर पर्याप्त प्रशासनिक सहायता नहीं मिल पाती है.
10.58 करोड़ की नई सड़क डूबी, दर्जनों ट्रांसफार्मर बंद
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पाया संख्या 29 के पास तेज बहाव से सड़क कट गई है और पाया के पास दो से तीन फीट पानी जमा हो गया है. रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्सलेन को जोड़ने वाली 4.20 किलोमीटर लंबी सड़क, जो 10.58 करोड़ रुपये की लागत से अभय कंस्ट्रक्शन द्वारा बनाई जा रही थी, निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही 3 से 4 फीट पानी में डूब गई है.
रुस्तमपुर से बीरपुर, फतेहपुर से खालसा घाट और पहाड़पुर से जमींदारी घाट तक के मार्गों पर पानी फिर जाने से वाहनों की आवाजाही बंद है. सुरक्षा के मद्देनजर राघोपुर में 71 ट्रांसफार्मरों सहित जिले के प्रभावित क्षेत्रों में कुल 280 ट्रांसफार्मरों की बिजली काट दी गई है, जिससे 25 से 30 हजार की आबादी अंधेरे और मोबाइल चार्जिंग की किल्लत झेल रही है.
थाने और अस्पतालों में घुसा पानी, फसलें बर्बाद
बाढ़ का पानी जुड़ावनपुर थाना परिसर, रेफरल अस्पताल मोहनपुर, सीडीपीओ कार्यालय और कृषि भवन में भी घुस गया है, जिससे पुलिसकर्मियों व कर्मियों को नावों के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है.
बिंदा मार्केट शिवनगर की दुकानों में पानी भरने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. वहीं पहाड़पुर, वीरपुर और जहांगीरपुर में सैकड़ों एकड़ में लगी मिर्च, बैंगन और चारे की फसलें डूब चुकी हैं. आगे दो वीडियो में देखें राघोपुर की स्थिति....
प्रशासन अलर्ट, 155 नावें उतारी गईं
राघोपुर, हाजीपुर, महनार, सहदेई बुजुर्ग, देसरी और बिदुपुर समेत 6 प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं. लोगों की सुविधा के लिए 155 नावें चलाई जा रही हैं और 1,760 पॉलीथिन शीट बांटी गई हैं.
डीआरसीसी मार्ग पर पानी भरने के कारण 5 सितंबर को होने वाला जॉब कैंप भी स्थगित कर दिया गया है. इधर, जलस्तर बढ़ने के बीच कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल से स्थिति का मुआयना कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें :
हाजीपुर में बाढ़ का चौतरफा असर, जॉब कैंप स्थगित, 280 ट्रांसफॉर्मर बंद, 25-30 हजार लोग प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए