हाजीपुर : राघोपुर में बाढ़ में डूबी 10 करोड़ की लागत से बनी कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल, 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद

Updated:
विज्ञापन

रुस्तमपुर से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क पर बाढ़ का पानी

Raghopur Flood : गंगा नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि से राघोपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पास करोड़ों की लागत से बनी सड़क डूब गई है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है. सुरक्षा के मद्देनजर 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली भी बंद कर दी गई है.

विज्ञापन

Raghopur Flood : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से प्रखंड में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आधा दर्जन से अधिक पंचायतों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट चुका है. ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों का सामान लाने के लिए बाढ़ के पानी के बीच जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है. राहत नहीं मिलने से लोगों में जिला और स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी है.

आपके शहर में

विज्ञापन
रूस्तमपुर से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क
रूस्तमपुर से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क

सिक्सलेन पुल के पास सड़क कटी, दो से तीन फीट पानी जमा

गंगा के उफान के कारण कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पाया संख्या 29 के पास तेज बहाव से सड़क कट गई है. पाया के आसपास दो से तीन फीट पानी जमा हो गया है. इससे जहांगीरपुर और जाफराबाद पंचायत के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है.

पहाड़पुर से जमींदारी घाट जाने वाली सड़क
पहाड़पुर से जमींदारी घाट जाने वाली सड़क

कई मुख्य सड़कों पर 3 से 4 फीट पानी

रुस्तमपुर घाट से बीरपुर, फतेहपुर से खालसा घाट, पहाड़पुर से जमींदारी घाट और लोहा पुल से सिक्सलेन पुल तक जाने वाली मुख्य सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी चढ़ गया है. कई इलाकों में दोपहिया और तीनपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है.

बिंदा मार्केट शिवनगर
बिंदा मार्केट शिवनगर

10.58 करोड़ की सड़क निर्माण पूरा होने से पहले डूबी

रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्सलेन पुल को जोड़ने वाली सड़क भी 3 से 4 फीट पानी में डूबी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि 10.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 4.20 किलोमीटर लंबी सड़क को काफी नीचा बनाया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण के दौरान सड़क को ऊंचा करने की मांग भी उठाई गई थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया.

शिवनगर
शिवनगर

अभय कंस्ट्रक्शन को मिला है सड़क का ठेका

इस सड़क का निर्माण पथ निर्माण विभाग की ओर से अभय कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है. परियोजना में नौ पुल-पुलियों का निर्माण भी होना है. निर्माण कार्य की अवधि 1 मार्च 2026 से 1 सितंबर 2026 तक निर्धारित थी. हालांकि, काम पूरा होने से पहले ही सड़क बाढ़ के पानी में डूब गई. अब प्रभावित इलाकों के लोगों के लिए नाव ही आवाजाही का मुख्य सहारा रह गई है.

जुड़ावनपुर थाना गेट
जुड़ावनपुर थाना गेट

थाना परिसर में घुसा बाढ़ का पानी

जुड़ावनपुर थाना परिसर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. इसके कारण पुलिसकर्मियों को छोटी-छोटी नावों के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है. वहीं, बिंदा मार्केट शिवनगर में कई दुकानों में पानी घुसने से लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है.

जुड़ावनपुर थाना परिसर
जुड़ावनपुर थाना परिसर

दुकानदार सामान सुरक्षित जगह पहुंचाने में जुटे

दुकानदार सुमन कुमार और बिट्टू कुमार ने बताया कि पानी बढ़ने के बाद लोग ट्रैक्टर और पिकअप की मदद से सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. दुकानों में पानी घुसने से कारोबारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है.

राजकीय कृत्य पृथ्वी सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जहांगीरपुर
राजकीय कृत्य पृथ्वी सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जहांगीरपुर

सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें पानी में डूबीं

पहाड़पुर, वीरपुर, जहांगीरपुर समेत कई गांवों में सैकड़ों एकड़ में लगी बैंगन, मिर्ची, जनेरा और अन्य सब्जियों की फसल बाढ़ के पानी में डूब गई है. किसान कमर भर पानी में उतरकर फसल और पशुओं के चारे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. पशुपालकों के सामने चारा लाने की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है.

कई गांवों की सड़कें पूरी तरह जलमग्न

जाफराबाद, जहांगीरपुर, शिवनगर बिंदा चौक से विश्राम टोला, रामपुर लंका और चक सिंगार से रामपुर करारी बरारी जाने वाली सड़कें भी पानी में डूबी हुई हैं. वीरपुर, चक सिंगार, रामपुर, करारी, बरारी, शिवनगर, लंका टोला, जाफराबाद, जहांगीरपुर, हेतमपुर, सरायपुर, तेरसिया और हजपुरवा समेत निचले इलाकों में पानी घरों के आसपास पहुंच गया है.

घरों में पानी घुसने से बढ़ी परेशानी

कई जगहों पर बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है. रात के समय सांप और बिच्छू का खतरा भी बढ़ गया है. ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ पशुओं के लिए चारा जुटाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सुरक्षा के लिए 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद

बाढ़ के कारण सुरक्षा के मद्देनजर राघोपुर प्रशाखा के 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है. जेई रूपेश कुमार यादव ने बताया कि पानी पोल के निचले हिस्से तक पहुंच गया था, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया था. इसी वजह से एहतियात के तौर पर बिजली बंद की गई है.

इन इलाकों में बंद हैं ट्रांसफार्मर

सबसे अधिक वीरपुर में 16 ट्रांसफार्मर बंद किए गए हैं. इसके अलावा जुड़ावनपुर, बरारी और करारी में 15, जाफराबाद में 13, चक सिंगार, लंका टोला और रामपुर में 12, जहांगीरपुर में 6, राघोपुर में 5, पहाड़पुर पश्चिमी में 2 और फतेहपुर में 2 ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद है. बिजली आपूर्ति बंद होने से कई गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है.

Also Read: हाजीपुर में अस्पताल रोड की बदहाली से राहगीर परेशान, जल-जमाव और जर्जर सड़क बनी मुसीबत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन