हाजीपुर में अस्पताल रोड की बदहाली से राहगीर परेशान, जल-जमाव और जर्जर सड़क बनी मुसीबत
उत्पाद थाना के पास जर्जर सड़क
हाजीपुर में सदर अस्पताल रोड की खस्ताहाल स्थिति राहगीरों के लिए आफत बन गई है. जर्जर सड़क और जल-जमाव की समस्या से लोग परेशान हैं, जबकि जनप्रतिनिधि और अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं.
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 एवं 19 स्थित सदर अस्पताल रोड का खस्ताहाल होने के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बीते कई वर्षों से सड़क और नाला का निर्माण नहीं होने से जहां वार्ड के लोगों को जल-जमाव की समस्या झेलनी पड़ती है, वहीं जर्जर सड़क के कारण लोग पानी में गिरकर घायल भी हो रहे हैं. शहर का यह प्रमुख मार्ग होने के बावजूद न तो इसके निर्माण के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि सामने आ रहे हैं और न ही नगर परिषद के अधिकारी इसके निर्माण के लिए पहल कर रहे हैं. इससे वार्ड के लोगों में काफी आक्रोश है, जो कभी भी आंदोलन का रूप ले सकता है.
आपके शहर में
लगभग तीन साल पूर्व शुरू हुआ था निर्माण
स्थानीय लोगों ने बताया कि गांधी चौक से सदर अस्पताल, मद्य निषेध कार्यालय होते हुए नगर थाना चौक तक जाने वाली सड़क में मद्य निषेध थाना के पास सड़क की स्थिति काफी जर्जर है. इसके साथ ही नगर थाना के पास पश्चिमी साइड में नाला का निर्माण नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है. नाले से निकलने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को नाक बंद कर उधर से आना-जाना पड़ता है.
बताया गया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व गांधी चौक से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था. सदर अस्पताल के पिछले गेट तक सड़क पर रबर मैट तकनीक से निर्माण कार्य शुरू हुआ था. तकनीकी गड़बड़ी के कारण काम रुक गया, जो अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सका है.

जल निकासी की नहीं है ठोस व्यवस्था
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल रोड में नाले की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी सड़क झील में तब्दील हो जाती है. वार्ड के लोगों और दुकानदारों ने बताया कि नगर परिषद में दर्जनों बार शिकायत करने के बाद भी अस्पताल रोड में पक्के नाले का निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया.
इसके कारण सामान्य दिनों में भी सड़क पर नाले का पानी बहता रहता है. इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. थाना चौक से लेकर गांधी चौक तक नाले की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में हर साल लोगों को जल-जमाव की समस्या झेलनी पड़ती है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सदर अस्पताल रोड की जर्जर स्थिति और निर्माण कार्य रुकने के बारे में जानकारी नहीं है. विभागीय जेई को भेजकर सड़क एवं संबंधित योजना की जांच करवाते हैं. जल्द ही उसे भी दुरुस्त कराया जाएगा. नाला निर्माण का कार्य चल रहा है. नगर थाना के पास नाला निर्माण का मामला भी दिखा लेते हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही विस्तृत जानकारी दे सकते हैं.
- सुशील कुमार दास, ईओ, नगर परिषद हाजीपुर
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए