वैशाली: राघोपुर में 8 वर्षीय बच्चे का अपहरण, फोन कर मांगी 10 लाख की फिरौती
अपह्त बच्चे की फाइल फोटो
हाजीपुर के राघोपुर में 8 साल के बच्चे के अपहरण से इलाके में दहशत फैल गई है. अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को छुड़ाने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Hajipur News: राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में आठ वर्षीय एक बच्चे के अपहरण और फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्चे की सकुशल बरामदगी को लेकर काफी चिंतित हैं. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
रामपुर श्यामचंद निवासी अनिल पंडित ने राघोपुर थाने में दर्ज कराए गए आवेदन में बताया है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनका आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार घर के दरवाजे पर खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया. परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
फोन कर मांगी 10 लाख रुपये की फिरौती
परिजनों के अनुसार, बच्चे के लापता होने के कुछ घंटे बाद दोपहर करीब तीन बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की. बाद में उसने रकम घटाकर पांच लाख रुपये करने की बात कही. आरोपित ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो बच्चे की हत्या कर दी जाएगी. इसके बाद उसने फोन काट दिया.
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
अनिल पंडित ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों एवं आसपास के इलाकों में बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. उन्हें आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया है.
तकनीकी अनुसंधान में जुटी पुलिस
राघोपुर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपितों की पहचान के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए