रामनरेश राय हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिले पप्पू यादव, बोले न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई
मृतक के परिजन से मिलते सांसद पप्पू यादव | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में रामनरेश राय हत्याकांड के बाद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का वादा किया। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
Hajipur Contractor Murder Case : हाजीपुर में चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या के बाद शुक्रवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव दिग्घी स्थित उनके आवास पहुंचे. उन्होंने मृतक की पत्नी, पुत्र और अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.
सांसद बोले- न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत लगा दूंगा
पप्पू यादव ने कहा कि रामनरेश राय की हत्या बेहद गंभीर घटना है. उन्होंने कहा कि रामनरेश राय के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह अपनी पूरी ताकत लगा देंगे. अपराधियों को किसी भी कीमत पर बचने नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द सजा दिलाने की मांग की.
सांसद ने हत्याकांड की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
आखिर आपराधिक घटनाओं पर उठाया सवाल
हाजीपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा, “हाजीपुर में आखिर आखिरी हत्या कब होगी? वह अंतिम तारीख कब आएगी, जब मुझे किसी हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने हाजीपुर नहीं आना पड़ेगा.”
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद चिराग पासवान पर भी निशाना साधा.
परिवार को सुरक्षा और सहायता देने की मांग
पप्पू यादव ने सरकार से हत्याकांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले का स्पीडी ट्रायल कराने की मांग की. मौके पर पिंटू यादव, चितरंजन राय, मंजय लाल राय, अनिल पासवान, राजीव रंजन, रंजन यादव, विनय कुमार समेत कई लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









