हाजीपुर में बोल बम के नारे से गूंजा हरिहर क्षेत्र, कांवरिया मार्ग पर शिवभक्तों का उमड़ा सैलाब

Updated:
विज्ञापन

बोलबम जाते कावरियां | Prabhat Khabar Network

सावन की तीसरी सोमवारी के लिए हरिहरक्षेत्र से बाबा गरीबनाथ धाम तक कांवरियों का सैलाब उमड़ा। चार लाख भक्तों ने गंगाजल लेकर शुरू की मुजफ्फरपुर की पदयात्रा।

विज्ञापन

Kanwar Yatra : हाजीपुर में शुक्रवार को करीब 11 बजे दिन से गंडक पुल रोड के रास्ते शहर की ओर कांवरियों के जत्थे पहुंचने शुरू हुए तो पूरा हाजीपुर शिवमय हो उठा. दोपहर बाद बोल बम यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा. शाम से देर रात तक जौहरी बाजार, त्रिमूर्ति चौक, गांधी चौक, डाकबंगला रोड, स्टेशन चौक से रामअशीष चौक तक की सड़कें गेरुआ वस्त्रधारी कांवरियों से पटी रहीं. बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा हरिहर क्षेत्र गूंजता रहा.

बोल बम के जयकारों से गूंजा शहर

सावन की तीसरी सोमवारी को बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक के लिए करीब चार लाख कांवरियों ने शुक्रवार को सारण जिले के पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर मुजफ्फरपुर की यात्रा शुरू की. गंडक नदी के दोनों किनारों से लेकर सोनपुर, हाजीपुर और आगे मुजफ्फरपुर जाने वाले मार्ग पर जहां तक नजर गयी, कांवरियों का कारवां ही दिखाई दिया.

बोल बम के जयकारों के बीच बाबा नगरिया की ओर बढ़े भक्त

कांवरिये संकल्पित भाव से बाबा गरीबनाथ धाम की ओर बढ़ते दिखे. यात्रा के दौरान रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर पड़ाव डालकर श्रद्धालु विश्राम कर रहे हैं. भक्त रविवार की रात तक मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे और सोमवार की अहले सुबह बाबा गरीबनाथ पर गंगाजल चढ़ाकर जलाभिषेक करेंगे.

कांवरियों की सेवा और सहायता के लिए रास्ते में जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं. यात्रा में हर उम्र और वर्ग के श्रद्धालु शामिल हैं. इनमें महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या है. सबसे अधिक संख्या किशोर और युवाओं की नजर आ रही है.

फोटो -6- वजनी और लाइट वाला कावंर ले जाते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
फोटो -6- वजनी और लाइट वाला कावंर ले जाते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

पहलेजा घाट पर सुबह से जुटने लगी थी भीड़

शुक्रवार की सुबह से ही पहलेजा घाट धाम पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. दोपहर बाद घाट पर कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा और देर शाम तक जलभरी का सिलसिला जारी रहा. पहला जत्था गरीब स्थान के लिए सुबह करीब नौ बजे रवाना हुआ.

श्रद्धालुओं ने पहले गंगा में स्नान कर तन-मन को शुद्ध किया. इसके बाद जलपात्र में गंगाजल भरा और पंडित-पुरोहितों से संकल्प पूजन कराया. आरती के बाद कांवरिये बाबा गरीबनाथ धाम के लिए रवाना हुए. अनुमान के मुताबिक शुक्रवार को करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने पहलेजा घाट से जलभरी की.

छह जगह मेडिकल कैंप, एंबुलेंस भी तैनात

कांवर यात्रा के दौरान शिवभक्तों को प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवर मार्ग पर छह स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं. इसके अलावा चलंत चिकित्सा दल भी गठित किया गया है.

सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद के निर्देश पर एकारा पुल के पास राय वीरेंद्र सिंह कॉलेज परिसर, सराय बाजार, भगवानपुर अड्डा, एलएन कॉलेज के समीप, गोढिया पुल और गोरौल थाना के पास चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं. प्रत्येक शिविर में एक एंबुलेंस की व्यवस्था की गयी है. डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगायी गयी है. आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं.

फोटो -5- बाबा गरीबनाथ जाते कावरियों का जत्था  | Prabhat Khabar Network
फोटो -5- बाबा गरीबनाथ जाते कावरियों का जत्था | Prabhat Khabar Network

कांवरियों की सुरक्षा के लिए बदला गया ट्रैफिक रूट

कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. गंडक पुल, त्रिमूर्ति चौक, अंजानपीर चौक, रामअशीष चौक और दिग्घी पुलिस लाइन समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है.

कांवरियों की भीड़ को देखते हुए एनएच-22 पर वाहनों का परिचालन बंद कर हाजीपुर से मुजफ्फरपुर आने-जाने के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किया गया है. प्रशासन की ओर से कांवरियों की सहायता के लिए शिविर लगाए गए हैं. पीएचईडी की ओर से कई स्थानों पर पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गयी है.

जगह-जगह सेवा शिविर लगाये गये

वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और संस्थाओं की ओर से भी जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों में कांवरियों के लिए पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है.


विज्ञापन
देवेंद्र गुप्त

लेखक के बारे में

By देवेंद्र गुप्त

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन