देश में NEET परीक्षा को लेकर बवाल, बिहार के इस जिले ने पेश की अनोखी मिसाल, पुलिस-प्रशासन भी हैरान

हाजीपुर डीएम, पुलिस की तस्वीर
देशभर में NEET परीक्षा को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच वैशाली ने शांति और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की. जिला प्रशासन, पुलिस और जनता के सामूहिक प्रयासों ने यह संभव बनाया.
Vaishali NEET Protests : हाजीपुर NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर देशभर में चले विरोध-प्रदर्शनों की गूंज बिहार के कई जिलों तक पहुंची थी. कई स्थानों पर तनावपूर्ण स्थिति और झड़पों की खबरें सामने आईं, लेकिन भगवान महावीर की जन्मभूमि, भगवान बुद्ध की कर्मभूमि और लोकतंत्र की जननी वैशाली में पूरे आंदोलन के दौरान अनुकरणीय शांति और सामाजिक सौहार्द कायम रहा.
वैशाली में शांति और सौहार्द की मिसाल
देशभर में नीट परीक्षा को लेकर उपजे तनाव और विरोध के बीच वैशाली जिले ने शांति और संयम का बेहतरीन परिचय दिया है. आसपास के कई जिलों में जहां आंदोलन के दौरान हिंसक झड़पें और तनाव की स्थिति बनी, वहीं वैशाली जिला पूरी तरह शांत और नियंत्रित रहा.
जिला प्रशासन और पुलिस की पुख्ता तैयारी
जिला प्रशासन और पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं. संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, लगातार गश्त, सख्त वाहन जांच अभियान और सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखी गई थी.
डीएम और एसपी ने खुद संभाली कमान
जिला पदाधिकारी (DM) वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने मैदानी स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पल-पल की स्थिति पर अपनी कड़ी नजर बनाए रखी.
सुरक्षा के साथ-साथ जनसंवाद पर जोर
प्रशासन ने केवल सुरक्षा व्यवस्था तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि जनसंवाद पर भी विशेष ध्यान दिया. छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, कोचिंग संस्थानों के संचालकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से लगातार संपर्क साधकर शांति बनाए रखने की अपील की गई.
माइकिंग और पम्पलेट से जागरूकता अभियान
पूरे जिले में व्यापक स्तर पर माइकिंग कराई गई, पम्पलेट बांटे गए और जागरूकता अभियान चलाए गए. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रखना और क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखना था.
स्थानीय लोगों और मीडिया का मिला पूरा सहयोग
इस चुनौतीपूर्ण माहौल में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न छात्र संगठनों और मीडिया ने भी पूरी जिम्मेदारी निभाई. सभी के सामूहिक और सकारात्मक प्रयासों का ही नतीजा रहा कि जिले में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं घटी.
सामान्य बना रहा जनजीवन
शासनिक मुस्तैदी और जनता के सहयोग से वैशाली जिले में आम जनजीवन पूरी तरह सामान्य और सुचारू बना रहा. बाजार, स्कूल और यातायात बिना किसी बाधा के सामान्य दिनों की तरह संचालित होते रहे.
डीएम वर्षा सिंह का बयान
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के साथ-साथ आम जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण रहा. समाज के सभी वर्गों की सकारात्मक भागीदारी के कारण ही जिले में शांतिपूर्ण वातावरण कायम रह सका.
एसपी शुभांक मिश्रा की प्रतिक्रिया
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क थी. लगातार गश्त, खुफिया निगरानी और समन्वित कार्रवाई के कारण किसी भी उपद्रवी तत्व को सिर उठाने का मौका नहीं मिला. उन्होंने जिलेवासियों के सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
Also Read : वैशाली: लालगंज में भाकपा (माले) की दो दिवसीय बैठक, अनिल सिंह बने अंचल सचिव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










