हाजीपुर: जंदाहा में ई-रिक्शा की ठोकर से एक किशोर की मौत, आक्रोशितों ने किया NH-322 को घंटों जाम

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जंदाहा-समस्तीपुर NH-322 पर ई-रिक्शा की चपेट में आने से 9 वर्षीय किशोर की मौके पर मौत हो गई. यह हादसा उसके घर से कुछ कदम दूर हुआ, जिससे परिजनों में गहरा सदमा है. गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे तक NH-322 को जाम रखा.

विज्ञापन

Vaishali News : जंदाहा थाना क्षेत्र के जंदाहा-समस्तीपुर एनएच-322 पर समता कॉलेज के पास शुक्रवार की शाम ई-रिक्शा की टक्कर से साइकिल सवार 9 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. टक्कर के बाद किशोर ई-रिक्शा के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. हादसा किशोर के घर से महज 10 कदम की दूरी पर हुआ. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक एनएच-322 को जाम रखा.

विज्ञापन

ट्यूशन से लौटने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान अरनिया गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी मनीष कुमार राय के 9 वर्षीय पुत्र अभिराज कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि अभिराज साइकिल से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था. इसी दौरान समता कॉलेज के पास ई-रिक्शा से उसकी टक्कर हो गयी.

टक्कर के बाद साइकिल से गिरा किशोर ई-रिक्शा के नीचे दब गया. आसपास के लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये.

घर के पास हादसे से परिवार में मचा कोहराम

हादसा घर से महज 10 कदम की दूरी पर होने के कारण परिवार के लोग भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गये. किशोर की मौत की खबर मिलते ही घर में हाहाकार मच गया. मृतक की मां फूलन देवी और दादी का रो-रोकर बुरा हाल था. आसपास के लोग उन्हें संभालने में जुटे रहे.

बताया गया कि अभिराज दो भाइयों में बड़ा था. उसकी दो बड़ी बहनें भी हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है. मृतक के पिता परदेस में मजदूरी करते हैं. घटना के बाद मृतक के दादा विजय राय भी गहरे सदमे में नजर आये.

बांस-बल्ला लगाकर एनएच-322 किया जाम

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बांस-बल्ला लगाकर एनएच-322 पर आवागमन रोक दिया. सड़क जाम होने से छोटे-बड़े वाहनों की करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गयी. वाहनों की कतार जंदाहा बाजार के कुशवाहा चौक से लेकर चांद सराय तक पहुंच गयी. इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.

आक्रोशित लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. काफी समझाने के बावजूद लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए.

पुलिस ने लोगों को समझाने का किया प्रयास

घटना की सूचना मिलने पर जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी, एसआई जनार्दन राय और एएसआई शांति मरांडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. साथ ही परिजनों को धैर्य रखने के लिए समझाया.

हालांकि आक्रोशित लोग एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे. करीब तीन घंटे बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद एनएच-322 पर यातायात बहाल हो सका.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन