वैशाली: महनार में बाबा गणिनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बाढ़ के बाद फिर गुलजार हुआ मेला
AI से बनाई गई तस्वीर
बाढ़ का पानी घटने के बाद महनार के हसनपुर पलवैया स्थित गणिनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. पिछले सप्ताह बाढ़ के कारण पूजा से वंचित रह गए भक्तों और अन्य श्रद्धालुओं के पहुंचने से मेला क्षेत्र गुलजार हो गया है.
Hajipur News : महनार के हसनपुर पलवैया स्थित पुरानी एवं पलवैया गणिनाथ सेवाश्रम बाबा गणिनाथ धाम में शनिवार को होने वाली पूजा-अर्चना को लेकर शुक्रवार से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. पिछले शनिवार क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मेला बंद करा दिया था. इसके कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गणिनाथ महाराज की पूजा-अर्चना किए बिना ही वापस लौट गये थे, जबकि कई श्रद्धालु बाढ़ के कारण पलवैया पहुंच ही नहीं सके थे.
बाढ़ का पानी घटने के बाद बढ़ी श्रद्धालुओं की चहल-पहल
बाढ़ का पानी कम होने के बाद अब श्रद्धालुओं में फिर से उत्साह देखने को मिल रहा है. शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु हसनपुर पलवैया पहुंचने लगे. जनसेवा, कटिहार पैसेंजर, बलिया-सियालदह और जनहित सहित विभिन्न ट्रेनों से सैकड़ों श्रद्धालु महनार रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे. इसके बाद श्रद्धालु विभिन्न साधनों से पलवैया धाम के लिए रवाना होते रहे.
मेला क्षेत्र में सज गयीं दुकानें
श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही मेला क्षेत्र में भी रौनक लौट आयी है. जगह-जगह दुकानें सज चुकी हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरे इलाके में चहल-पहल बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों के अनुसार कृष्ण जन्माष्टमी के बाद पड़ने वाले शनिवार को बाबा गणिनाथ महाराज की जयंती मनाने की परंपरा रही है. ऐसे में पिछले शनिवार बाढ़ के कारण पूजा से वंचित रह गये श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालुओं के भी पहुंचने की उम्मीद है.
गंगा स्नान के बाद करेंगे पूजा-अर्चना
शनिवार अहले सुबह श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने के बाद बाबा गणिनाथ महाराज के दरबार में पूजा-अर्चना करने की तैयारी है. इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं. गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती की गयी है.
बीडीओ और सीओ ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
शुक्रवार शाम मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचीं प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार और सीओ सह आरओ पूजा राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है. शनिवार अहले सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने की संभावना है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों पर गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती की गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए