वैशाली: महनार में बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत, मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
जगन्नाथपुर गांव में युवक की डूबने से मौत के बाद महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जुटे ग्रामीण परिजन और प्रशासन फोटो मृतक का परीक्षण करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network
महनार प्रखंड में बाढ़ का पानी जानलेवा साबित हो रहा है. जगन्नाथपुर गांव में मछली पकड़ने के दौरान एक 36 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद ग्रामीण प्रशासन से विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं.
Hajipur News : महनार प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का पानी लोगों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहा है. गोरीगामा पंचायत के जगन्नाथपुर गांव में शुक्रवार को बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने के दौरान डूबने से करीब 36 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान जगन्नाथपुर गांव निवासी सुरेश सहनी, पिता स्वर्गीय जुगेश्वर सहनी के रूप में हुई है.
बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में चला गया युवक
बताया गया कि सुरेश सहनी शुक्रवार को बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने के लिए गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने युवक को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया.
घटना की सूचना परिजनों ने सीओ सह आरओ पूजा राय और स्थानीय प्रशासन को दी. जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गये. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
कई जगहों पर पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ के कारण गांव और आसपास के इलाकों में बड़ी मात्रा में पानी फैला हुआ है. कई स्थानों पर पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है. इसके बावजूद लोग मछली पकड़ने सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाढ़ के पानी में जाने को मजबूर हैं. इससे लगातार हादसे का खतरा बना हुआ है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है. ग्रामीणों ने आपदा मित्रों के माध्यम से भी लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने की मांग की है.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी युवक की मौत
परिजन शव को पानी से बाहर निकालकर महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पूनम सिन्हा ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अरुण कुमार और चिकित्सा कर्मी अब्दुल रियाज शेख ने जांच के बाद बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.
पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद महनार थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.
जांच रिपोर्ट के बाद सहायता देने का आश्वासन
सीओ सह आरओ पूजा राय ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है. जांच प्रतिवेदन आने के बाद नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जायेगी.



आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए