शिव बारात में गाड़ीवान बने केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, बेहद अलग रहा नजारा
नित्यानंद राय बने गाड़ीवान
Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि को लेकर पूरे बिहार में जश्न का माहौल है. कई जिलों में शिव बारात निकाली जा रही है. हाजीपुर की एक तस्वीर में देखा गया कि केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय शिव बारात में गाड़ीवान बने. इस दौरान वे लगभग 30 साल पुरानी परंपरा को निभाते हुए नजर आएं.
Mahashivratri 2026: बिहार के हाजीपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक शिव बारात एक बार फिर भव्यता के साथ संपन्न हुई. सैकड़ों झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज, उड़ता गुलाल और लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच इस बारात का मुख्य आकर्षण रहे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, जो वर्षों की परंपरा निभाते हुए शिवजी के गाड़ीवान बने नजर आए.
आपके शहर में
कहां से शुरू हुई शिव बारात
हाजीपुर की पहचान बन चुकी इस ऐतिहासिक शिव बारात की शुरुआत प्रसिद्ध बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर से हुई. मंदिर से निकलकर करीब चार किलोमीटर लंबी यात्रा को तय करने में बारात को 7 से 8 घंटे का समय लगा. रास्ते भर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा. वैशाली ही नहीं, आस-पास के कई जिलों से लाखों की संख्या में लोग इस अद्भुत नजारे के साक्षी बने.
बैलगाड़ी पर शिव-पार्वती की पालकी, मंत्री बने गाड़ीवान
बारात के सबसे आगे सजी-धजी बैलगाड़ी पर शिव-पार्वती की पालकी विराजमान थी, जिसे खुद नित्यानंद राय पारंपरिक कपड़ों में गाड़ीवान बनकर हांकते दिखे. मंत्री जी बीच-बीच में “हर-हर महादेव” के जयकारे लगवाते, श्रद्धालुओं पर गुलाल उड़ाते और प्रसाद बांटते करते नजर आएं.
30 सालों से निभा रहे परंपरा
नित्यानंद राय करीब 30 सालों से इस परंपरा से जुड़े हैं. विधायक, सांसद, प्रदेश अध्यक्ष और अब केंद्रीय मंत्री बनने के बावजूद उन्होंने शिव बारात में गाड़ीवान बनने की परंपरा को नहीं छोड़ा. उनका कहना है कि यह उनके लिए आस्था और सौभाग्य का विषय है.
भव्य झांकियां और अनूठी प्रस्तुति
शिव बारात में पौराणिक कथाओं पर आधारित सैकड़ों झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. हाथी, घोड़े, बैंड-बाजा, ढोल-मंजीरे और शिव बारात की भूत-पिशाचों की टोली ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और उत्सवमय बना दिया. शहर गुलाल के रंग में रंगा नजर आया.
(हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट)
Also Read: बिहार में बनेगा देश का 5वां सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, 1302 करोड़ रुपए की मिली मंजूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए