हाजीपुर : महुआ में स्कूल नामांकन के दौरान भटका 5 साल का मासूम, दो घंटे में परिवार से मिला

परिजनों को बच्चा सौंपते राजीव यादव
Mahua child found : वैशाली जिले के महुआ में एक 5 साल का बच्चा स्कूल में नामांकन के दौरान भटक गया था. स्थानीय समाजसेवी की सूझबूझ और सोशल मीडिया की मदद से बच्चा मात्र 2 घंटे में अपने परिवार से सुरक्षित मिल गया.
Mahua child found : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में सोमवार को एक पांच वर्षीय बच्चे के बिछड़ने और फिर सही सलामत परिवार तक पहुंचने का मामला सामने आया है. स्कूल में नामांकन कराने के दौरान भटके इस मासूम को रोते बिलखते देख पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजीव यादव ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और उसे सुरक्षित महुआ थाना पहुंचाया, जहाँ दो घंटे के भीतर परिजन थाने पहुंचकर बच्चे से मिल गए.
स्कूल नामांकन के दौरान बिछड़ा बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह महुआ थाना क्षेत्र के छतवारा गांव के रहने वाले अवधेश कुमार अपने पांच वर्षीय बेटे को स्कूल में नामांकन कराने के लिए महुआ लेकर आए थे. जब परिजन स्कूल के अंदर कागजी प्रक्रिया में व्यस्त थे, तब नासमझ बच्चा भटककर पुरानी बाजार में आस्मा हॉस्पिटल के समीप एक बाइक गैरेज के पास पहुंच गया.
पूर्व विधायक प्रतिनिधि की पड़ी नजर
अचानक भीड़भाड़ वाले इलाके में एक छोटे बच्चे को अकेले रोते-बिलखते देखकर स्थानीय युवा समाजसेवी सह पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजीव यादव की नजर उस पर पड़ी. उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बच्चे को अपने साथ लिया और उसे सांत्वना देकर महुआ थाना पहुंचा दिया.
सोशल मीडिया पर शेयर की गई जानकारी
थाना पहुंचने के बाद राजीव यादव ने बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए त्वरित कदम उठाते हुए उसकी फोटो और पूरी जानकारी विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स और प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दी, ताकि जल्द से जल्द उसके परिजनों तक सूचना पहुंच सके.
दो घंटे के भीतर थाने पहुंचे परिजन
सोशल मीडिया के माध्यम से जैसे ही बच्चे के गुम होने और उसके थाने में होने की जानकारी परिजनों तक पहुंची, वे तुरंत दौड़ते हुए महुआ थाना पहुंच गए. घटना के मात्र दो घंटे के भीतर ही गुमशुदा बच्चा अपने परिवार से सुरक्षित रूप से मिल गया.
पिता ने जताया आभार
अपने जिगर के टुकड़े को सुरक्षित पाकर बच्चे के पिता और अन्य परिजनों की आंखें नम हो गईं. उन्होंने पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजीव यादव और पुलिस प्रशासन की इस तत्परता व मानवीय पहल के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है, जिससे एक बड़ा संकट टल गया.
Also Read : हाजीपुर : लालगंज में लगा फ्री डेंटल कैंप, 125 मरीजों के हुए चेकअप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










