हाजीपुर में 50 लाख की 580 कार्टन पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद, छत्तीसगढ़ नंबर के ट्रक से हो रही थी तस्करी
ट्रक में लदा हुआ शराब | Prabhat Khabar Network
उत्पाद विभाग की टीम ने हाजीपुर में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की पंजाब निर्मित विदेशी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
Hajipur News : उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलकुंडा-सराय मार्ग से भारी मात्रा में पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद की है. छत्तीसगढ़ नंबर के छह चक्का ट्रक से विभिन्न तीन ब्रांडों की कुल 580 कार्टन शराब जब्त की गयी है. जब्त शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई
उत्पाद विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि पंजाब निर्मित विदेशी शराब की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ नंबर के एक भारी ट्रक से बेलकुंडा के रास्ते सराय इलाके में ले जायी जा रही है. सूचना के बाद उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी. टीम में उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर अभिनव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
टीम ने संदिग्ध ट्रक की निगरानी शुरू की और उसका पीछा किया. उत्पाद विभाग की गाड़ियों को पीछे आता देख चालक ने ट्रक को बीच सड़क पर रोक दिया और मौका मिलते ही फरार हो गया.
ट्रक की तलाशी में मिले 580 कार्टन
चालक के फरार होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी गहन तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गये विभिन्न तीन ब्रांडों के कुल 580 कार्टन विदेशी शराब बरामद किये गये.
उत्पाद विभाग ने शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है. मामले में फरार चालक और शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही है.
जीपीएस और फास्टैग से तस्करी नेटवर्क की जांच
जांच के दौरान उत्पाद विभाग को ट्रक में लगे जीपीएस और फास्टैग से भी अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों ने ट्रक में लगे जीपीएस डिवाइस और फास्टैग से संबंधित जानकारी को अपने कब्जे में लिया है.
टीम अब जीपीएस डेटा, फास्टैग के विवरण और ट्रक के रजिस्ट्रेशन के आधार पर उसकी आवाजाही की जानकारी जुटा रही है. इसके जरिए शराब की खेप कहां से चली थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लायरों की पहचान में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच आगे बढ़ायी जा रही है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए