जनगणना 2027 को लेकर हाजीपुर में 399 फील्ड कर्मियों की ट्रेनिंग पूरी, अब 1 अगस्त से शुरू होगा डेटा कलेक्शन का काम

Author Kaif ahmed|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन
नौ दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल अधिकारी व कर्मी

नौ दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल अधिकारी व कर्मी

Hajipur Census 2027 : भारत की जनगणना 2027 को लेकर हाजीपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं. जिला प्रशासन ने 399 फील्ड कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया है. यह प्रशिक्षण 1 अगस्त से शुरू होने वाले डेटा संग्रहण कार्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

विज्ञापन

Hajipur Census 2027 : भारत की जनगणना-2027 को लेकर हाजीपुर में जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने के लिए 16 से 25 जुलाई तक एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला परिषद सभागार में चले इस नौ दिवसीय प्रशिक्षण में 399 फील्ड कर्मियों को डेटा कलेक्शन की बारीकियां सिखाई गईं.

जनगणना 2027 के लिए हाजीपुर प्रशासन अलर्ट

आगामी जनगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में भारत की जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की दिशा में 16 से 25 जुलाई के बीच हाजीपुर के जिला परिषद सभागार में नौ दिवसीय ट्रेनिंग कैंप लगाया गया. इस कैंप में जिले के सभी प्रखंडों और शहरी चार्ज के कुल 399 फील्ड फंक्शनरी (FF) को शामिल किया गया.

एक अगस्त से शुरू होगा आंकड़ों का संग्रहण

इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य 1 अगस्त से शुरू होने वाले जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के आंकड़ा संग्रहण कार्य को बेहतर बनाना था. अधिकारियों का जोर इस बात पर रहा कि डेटा कलेक्शन का काम त्रुटिरहित, समयबद्ध और पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो. इसके लिए प्रतिभागियों को आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया सिखाई गई.

नौ दिनों तक चला चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम

नौ दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में जिले के लगभग सभी प्रखंडों और शहरी चार्ज को चरणबद्ध तरीके से शामिल किया गया. पहले दिन भगवानपुर और देसरी से शुरुआत हुई. इसके बाद लालगंज, हाजीपुर, चेहराकला, गोरौल, राजापाकर, शहरी चार्ज, महनार, पटेढ़ी बेलसर, जंदाहा, वैशाली, बिदुपुर, राघोपुर और अंतिम दिन महुआ तथा सहदेई बुजुर्ग के क्षेत्रीय पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी गई.

399 क्षेत्रीय कर्मियों ने लिया हिस्सा

प्रशिक्षण के दौरान कुल 399 फील्ड फंक्शनरी मौजूद रहे. इनमें भगवानपुर से 37, लालगंज से 41, हाजीपुर से 34, पटेढ़ी बेलसर से 26, वैशाली से 25 और बिदुपुर से 25 कर्मी प्रमुख रूप से शामिल थे. इसके अलावा अन्य सभी प्रखंडों और शहरी चार्ज के कर्मी भी मौजूद रहे. हर बैच की ट्रेनिंग के दौरान संबंधित चार्ज अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

पटना से आए अधिकारियों ने दी ट्रेनिंग

प्रशिक्षण का संचालन जनगणना निदेशालय, बिहार, पटना से आए अधिकारियों ने किया. जिला नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार श्रीवास्तव और सहायक नोडल पदाधिकारी उत्पल कुमार ने कर्मियों को ट्रेनिंग दी. उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से सूचनाओं के वैज्ञानिक संग्रहण, अभिलेखों के सत्यापन और गुणवत्तापूर्ण डेटा तैयार करने का तरीका सिखाया.

Also Read : हाजीपुर में दिनदहाड़े चेन झपटी, भीड़ ने दौड़ाकर बदमाश को दबोचा, हुई जमकर धुनाई


विज्ञापन
Kaif Ahmed

लेखक के बारे में

By Kaif Ahmed

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन