सिधवलिया बाजार में कचरे का अंबार, बदबू से दुकानदार और ग्राहक परेशान, बीमारी फैलने की आशंका

Updated:
विज्ञापन
कचड़े के ढेर पर संचालित बाजार की तस्वीर

कचड़े के ढेर पर संचालित बाजार की तस्वीर

Gopalganj News : सिधवलिया बाजार में कचरे के ढेर के बीच सब्जी की दुकानें लगने से लोग परेशान हैं। गंदगी और दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, प्रशासन से सफाई की मांग।

विज्ञापन

Gopalganj News : सिधवलिया बाजार में मुख्य सड़क किनारे जमा कचरे के ढेर से दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पंचायत प्रशासन और राजस्व वसूली करने वाले ठेकेदार की ओर से नियमित कचरा उठाव नहीं होने के कारण बाजार के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लग गया है.

बारिश के बाद बढ़ी दुर्गंध, गंदगी के बीच लग रही सब्जी की दुकानें

लगातार बारिश के कारण कचरे से तेज दुर्गंध उठ रही है. इसी गंदगी और बदबू के बीच प्रतिदिन सब्जी की दुकानें लग रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे बाजार का माहौल प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है.

दुकानदार बोले- शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

सब्जी विक्रेता राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि उन्हें रोजाना कचरे के ढेर के पास बैठकर सब्जी बेचनी पड़ती है. बदबू के कारण ग्राहक अधिक देर तक नहीं रुकते और मक्खी-मच्छरों की वजह से सब्जियां भी जल्दी खराब हो जाती हैं. उन्होंने बताया कि पंचायत और ठेकेदार से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

डायरिया और चर्म रोग फैलने की आशंका

स्थानीय दुकानदार मुन्ना कुमार ने बताया कि बारिश का पानी कचरे में जमा होने से सड़ांध और बढ़ गई है. यदि जल्द कचरे का उठाव नहीं कराया गया, तो डायरिया, उल्टी और चर्म रोग जैसी बीमारियां फैलने की आशंका है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की.

नियमित कचरा उठाव की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रशासन और राजस्व ठेकेदार से समन्वय स्थापित कर बाजार से नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर सफाई होने से बाजार में स्वच्छता बनी रहेगी और दुकानदारों व आम लोगों को बीमारियों के खतरे से राहत मिलेगी.

Also Read : गुरु पूर्णिमा पर सिमरिया धाम पहुंचे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, गंगा स्नान कर की पूजा-अर्चना



विज्ञापन
Pawan Agarwal

लेखक के बारे में

By Pawan Agarwal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन