मीरगंज के साहू जैन रेलवे ढाला पर हर दिन लगता है जाम, आरओबी निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

Gopalganj News : मीरगंज के साहू जैन रेलवे ढाला पर ओवरब्रिज न बनने से शहर में भीषण जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय कारोबारी और राहगीर बेहद परेशान हैं।

विज्ञापन

Gopalganj News : जिले के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मीरगंज में स्थित साहू जैन रेलवे ढाला स्थानीय लोगों, राहगीरों और व्यवसायियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. सिवान-थावे रेलखंड पर ट्रेन गुजरने के दौरान जैसे ही रेलवे फाटक बंद होता है, सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. फाटक खुलने के बाद पहले निकलने की होड़ में दोनों ओर से आने वाले वाहन आमने-सामने फंस जाते हैं, जिससे आधा मीरगंज शहर भीषण जाम की चपेट में आ जाता है.

फाटक खुलते ही बिगड़ जाती है यातायात व्यवस्था

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे फाटक खुलने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है. दोनों ओर से एक साथ वाहन निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है. ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए मीरगंज थाना की पुलिस तैनात रहती है, लेकिन ढाले की बनावट और अव्यवस्थित यातायात के कारण व्यवस्था अक्सर नाकाफी साबित होती है.

जाम से कारोबार पर भी पड़ रहा असर

घंटों तक लगने वाले जाम का असर आम लोगों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों पर भी पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि मीरगंज पूरे जिले का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, लेकिन लगातार जाम की समस्या के कारण ग्राहकों को काफी परेशानी होती है, जिससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है.

आरओबी की स्वीकृति के बावजूद शुरू नहीं हुआ निर्माण

स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि रेल मंत्रालय की ओर से साहू जैन रेलवे ढाला पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की स्वीकृति मिलने और राशि आवंटित होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. उनका मानना है कि ओवरब्रिज बनने से शहर को स्थायी रूप से जाम की समस्या से राहत मिलेगी. साथ ही समय और ईंधन की भी बचत होगी.

पार्किंग की कमी से और बढ़ रही समस्या

मीरगंज शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार आते हैं, लेकिन पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण उन्हें अपनी गाड़ियां सड़क किनारे ही खड़ी करनी पड़ती हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है.

आरओबी और पार्किंग व्यवस्था की उठी मांग

स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि साहू जैन रेलवे ढाला पर जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराया जाए और शहर में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए. उनका कहना है कि इन दोनों समस्याओं का समाधान होने से मीरगंज की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी.

Also Read : इमामगंज में 35 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में



विज्ञापन
Prashant Pathak

लेखक के बारे में

By Prashant Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन