गोपालगंज: फुलवरिया में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दो परिवारों के घर जले, लाखों की संपत्ति राख

Updated:
विज्ञापन
आगलगी के बाद रोते बिलखते अग्निपीड़ित परिवार | Prabhat Khabar Network

आगलगी के बाद रोते बिलखते अग्निपीड़ित परिवार

गोपालगंज के फुलवरिया में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने दो परिवारों के घरों को जलाकर राख कर दिया. लाखों की संपत्ति नष्ट हो गई, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. एलपीजी सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर एक बड़ी दुर्घटना को रोका गया.

विज्ञापन

Gopalganj News: फुलवरिया थाना क्षेत्र के कोयलादेवा गांव में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में दो परिवारों के घर जलकर राख हो गए. इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई. हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और साहस से समय रहते एलपीजी गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट और संभावित जनहानि टल गई.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:20 बजे मकुर्धन प्रसाद, कुंदन प्रसाद, कमलेश प्रसाद और नेबूलाल प्रसाद के परिवार के सदस्य खेत में कृषि कार्य करने गए थे. इसी दौरान हाई वोल्टेज बिजली आपूर्ति के बीच हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी झोपड़ीनुमा घर पर गिर गई. सूखी घास-फूस होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया.

धुआं उठता देख ग्रामीण दौड़े, सामूहिक प्रयास से पाया आग पर काबू

खेत में काम कर रहे लोगों ने जब धुआं और आग की तेज लपटें देखीं तो तुरंत गांव की ओर दौड़े. सूचना मिलते ही ग्रामीण बाल्टी, पाइप और अन्य उपलब्ध संसाधनों के साथ आग बुझाने में जुट गए. सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि करंट से किसी तरह की अनहोनी न हो. चापाकल का पानी कम पड़ने पर ग्रामीणों ने पास के तालाब से पानी लाकर आग पर काबू पाया.

एलपीजी सिलेंडर निकालकर टाल दिया बड़ा हादसा

आग की लपटों से झोपड़ी में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर भी गर्म होकर फटने की स्थिति में पहुंच गया था. ऐसे में कुछ युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए जलते घर में प्रवेश किया और सिलेंडर बाहर निकालकर तालाब में डाल दिया. ग्रामीणों की इस बहादुरी से आसपास के कई घर संभावित बड़े हादसे से बच गए.

अनाज, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख

पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग में अनाज, कृषि उपकरण, कपड़े, घरेलू सामान और नकद राशि जलकर नष्ट हो गई. इस हादसे में विशेष रूप से नेबूलाल प्रसाद और मकुर्धन प्रसाद के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने बुझाई आग

घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन