गोपालगंज में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए आवेदन शुरू, 15 सितंबर अंतिम तिथि

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

गोपालगंज में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है. अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के छात्र 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं.

विज्ञापन

गोपालगंज: जिले के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, बीएड एवं डीएलएड कॉलेजों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पांडेय ने सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि पात्र विद्यार्थियों का आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में कराया जाए. उन्होंने कहा कि आवेदन में लापरवाही बरतने वाले विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं.

25 अगस्त तक होगा संस्थानों का पंजीकरण

समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) के डीपीओ शिवम ने बताया कि विद्यार्थी 15 सितंबर तक पीएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. वहीं विद्यालयों एवं कॉलेजों के पंजीकरण की प्रक्रिया 25 अगस्त तक चलेगी. इसके बाद किसी भी प्रकार का नया आवेदन अथवा संस्थान पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा.

आधार सीडिंग के बिना आवेदन नहीं होगा फाइनल

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते समय आवासीय, आय एवं जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं. आय प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद का होना चाहिए. इसके साथ ही आधार कार्ड का बैंक खाते से डीबीटी के लिए सीड होना भी आवश्यक है. आधार सीडिंग नहीं होने पर आवेदन फाइनल नहीं होगा और छात्रवृत्ति की राशि भी खाते में नहीं भेजी जाएगी. विभाग ने विद्यार्थियों को आवेदन की स्थिति पोर्टल पर नियमित रूप से जांचते रहने की सलाह दी है.

त्रुटि सुधारने के लिए मिलेंगे तीन अवसर

यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसे सुधारने के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे. डिफेक्ट मिलने के 15 दिनों के भीतर सुधार कर आवेदन दोबारा फाइनल करना अनिवार्य होगा. ऐसा नहीं करने पर आवेदन स्वतः अस्वीकृत कर दिया जाएगा. गलत दस्तावेज अपलोड होने पर उन्हें दोबारा अपडेट करना होगा.

दूसरी छात्रवृत्ति का लाभ लेने वालों का आवेदन होगा निरस्त

विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक ही शैक्षणिक सत्र में किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों का आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा.

समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश

डीईओ अमरेंद्र कुमार पांडेय ने सभी संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे समय पर संस्थान का पंजीकरण कराएं, पात्र विद्यार्थियों को योजना के प्रति जागरूक करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवेदनों का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे.

इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन