गोपालगंज में ज्वेलरी दुकानदार पर हमला कर 50 लाख से अधिक का लूटा गया ज्वेलरी, SIT गठित

Updated:
विज्ञापन

सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोपालगंज में ज्वेलरी दुकानदार से 50 लाख से अधिक के जेवर लूट की घटना ने हड़कंप मचा दिया है. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं और विशेष जांच दल (SIT) मामले की तफ्तीश कर रही है. अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.

विज्ञापन

Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार में शनिवार की देर शाम हुई ज्वेलरी लूट की घटना की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. बाजार और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे वारदात से पहले अपराधियों द्वारा बाजार की रेकी किये जाने की बात सामने आयी है. पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकानदार हरेंद्र वर्मा के दुकान बंद कर जेवर से भरा बैग लेकर निकलते ही अपराधी बाइक से उनके पीछे लग गये थे.

विज्ञापन

भृंगीचक गांव से पहले सुनसान स्थान पर मौका मिलते ही तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने व्यवसायी को घेर लिया. विरोध करने पर उनके सिर और शरीर पर पिस्टल के बट से हमला किया गया और ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया गया. इसके बाद अपराधियों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया.

सीसीटीवी फुटेज में दिखी अपराधियों की गतिविधियां

रविवार को हथुआ एसडीपीओ राजकुमार साह, एसटीएफ डीएसपी महताब आलम, इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार, एसटीएफ अधिकारी गौतम कुमार, डीआइओ टीम के अधिकारी ओमप्रकाश चौहान, कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष सूर्यजीत कुमार, एसआइ अरुण कुमार और पंचदेवरी पिकेट प्रभारी अरुण प्रकाश सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने जमुनहा बाजार पहुंचकर जांच की.

पुलिस टीम ने बाजार और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान अपराधियों की गतिविधियों से जुड़े कई फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं. इन फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया है. पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

ग्रामीणों से घिरने पर बाइक छोड़कर भागे अपराधी

लूट की घटना के बाद अपराधियों को ग्रामीणों ने घेरना शुरू कर दिया. खुद को चारों तरफ से घिरता देख अपराधियों ने फायरिंग की और भागने लगे. इसी दौरान अपराधी एक बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गये. पुलिस ने मौके से बाइक बरामद कर ली है.

बरामद बाइक के आधार पर भी पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आयी है. पुलिस को अपराधियों के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने की भी आशंका है. संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क कर मामले की जांच आगे बढ़ायी जा रही है. हालांकि, रविवार की शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.

50 लाख से अधिक के जेवर लूटने का आरोप

पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी हरेंद्र वर्मा ने कटेया थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन के अनुसार, शनिवार की शाम दुकान बंद करने के बाद वह ज्वेलरी से भरा बैग लेकर भृंगीचक स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे.

भृंगीचक गांव से पहले तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. व्यवसायी ने विरोध किया तो अपराधियों ने पिस्टल के बट से उनके सिर और शरीर पर हमला कर दिया. इसके बाद जेवर से भरा बैग लूट लिया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी.

व्यवसायी के अनुसार, बैग में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवर और 50 हजार रुपये नकद थे. हमले में घायल व्यवसायी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना के बाद व्यवसायियों ने की बैठक

लूट की घटना के बाद जमुनहा बाजार के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है. रविवार की सुबह व्यवसायियों ने बैठक कर घटना पर चर्चा की और बाजार में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की.

व्यवसायियों ने कहा कि बाजार और आसपास के मार्गों पर नियमित पुलिस गश्ती होनी चाहिए. रात के समय विशेष निगरानी की भी मांग की गयी. व्यवसायियों ने कहा कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

एसपी के निर्देश पर एसआइटी कर रही जांच

लूटकांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी ने कार्रवाई शुरू कर दी है. टीम सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और बरामद बाइक के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

एसपी ने बताया कि सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एसआइटी कार्रवाई में जुटी है. पुलिस ने शीघ्र ही मामले का उद्भेदन करने की बात कही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी बैठक करते बाजार के व्यवसायी घायल स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन