गोपालगंज में पांच सूत्री मांगों को लेकर रसोइया संघ का धरना, 10 के बजाय 12 महीने मानदेय और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
बैकुंठपुर में धरना पर बैठी रसोइय | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में प्रखंड रसोइया संघ ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया. उनकी प्रमुख मांगों में 12 महीने का मानदेय, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा और सरकारी अवकाश शामिल हैं. संघ ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा.
Gopalganj News : बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय पर रविवार को अपनी पांच सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड रसोइया संघ ने एक दिवसीय धरना दिया. धरना की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष बदन राय ने की. इस दौरान रसोइयों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की.
10 के बजाय 12 महीने मानदेय की मांग
धरना में रसोइयों ने कहा कि वर्तमान में उन्हें साल में 10 महीने का ही मानदेय दिया जाता है. उनकी मांग है कि काम की अवधि को देखते हुए 12 महीने का मानदेय दिया जाये. रसोइयों का कहना था कि पूरे साल विद्यालयों से जुड़े कार्य करने के बावजूद दो महीने के मानदेय से वंचित रखा जाता है.
चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
संघ की ओर से रसोइयों को उनके कार्य के आधार पर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी उठायी गयी. इसके साथ ही मानदेय की व्यवस्था समाप्त कर वेतनमान लागू करने की मांग की गयी. रसोइयों ने कहा कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है.
महिला और पुरुष रसोइयों के लिए अवकाश की मांग
धरना के दौरान महिला रसोइयों के लिए विशेषावकाश देने की मांग की गयी. वहीं पुरुष रसोइयों को सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर 16 दिनों का अवकाश देने की मांग भी उठायी गयी. संघ के सदस्यों ने कहा कि रसोइयों को भी काम के अनुरूप सुविधाएं और अवकाश मिलना चाहिए.
बीडीओ को सौंपा मांगों का ज्ञापन
रसोइयों ने कहा कि उनकी विभिन्न समस्याओं का सरकार के स्तर पर समाधान किया जाना चाहिए. धरना समाप्त होने के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी नंदकिशोर साह को सौंपा.
धरना में ममता देवी, गीता देवी, मीना कुंवर, संतोष कुमार ओझा, छठिया कुंवर, महोदरी कुंवर, अनीता देवी, शोभा देवी, प्रभावती देवी, सुनैना देवी, ललिता देवी, जलादा खातून, अहिल्या देवी, शाहजहां खान सहित कई रसोइया मौजूद रहीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए